सीएमओ से चर्चा के बाद पानी की टंकी और कूलर लगाने का आश्वासन
मुलताई। नगर स्थित हाईटेक लाइब्रेरी में सैकड़ों छात्र-छात्राएं बुनियादी सुविधाओं के अभाव में अध्ययन करने को मजबूर हैं। शुक्रवार को छात्रों ने अपनी समस्याओं को लेकर नगरपालिका उपाध्यक्ष शिवकुमार माहोरे एवं कांग्रेस नेता सुमित शिवहरे से शिकायत की।
शिकायत के बाद दोनों ने लाइब्रेरी पहुंचकर निरीक्षण किया और छात्रों से चर्चा की। छात्रों ने बताया कि लाइब्रेरी में प्रतिदिन 70 से अधिक विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आते हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। उन्होंने एक अतिरिक्त पानी की टंकी और गर्मी को देखते हुए एक और कूलर लगाने की मांग की।

छात्रों ने गिनाईं प्रमुख समस्याएं
लाइब्रेरी में अध्ययनरत छात्र नीरज हजारे, पंकज गीदकर, गौरव मुसरे, तेजस घोडसे, दीपक कुलकर्णी और सोहन पिपरदे ने बताया कि परिसर में बाउंड्री वॉल नहीं होने से आवारा मवेशी और सूअर अंदर आ जाते हैं। कुछ दिनों पहले परिसर में सांप निकलने की घटना भी सामने आई थी, जिससे छात्रों में भय का माहौल है। उन्होंने यह भी बताया कि शुरुआत में लगाई गई आरामदायक कुर्सियां अधिकांशतः टूट चुकी हैं। उनकी जगह प्लास्टिक की कुर्सियां रखी गई हैं, जिन पर लंबे समय तक बैठकर पढ़ाई करना कठिन हो जाता है। साथ ही लाइब्रेरी में नई और अद्यतन पुस्तकों का अभाव है, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रभावित हो रही है।
जल्द होगी सुविधाओं की व्यवस्था
छात्रों की समस्याएं सुनने के बाद उपाध्यक्ष शिवकुमार माहोरे ने सीएमओ से चर्चा कर लाइब्रेरी में एक अतिरिक्त पानी की टंकी और कूलर लगाने के निर्देश दिए। सीएमओ ने इन सुविधाओं की शीघ्र व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है, पार्षद रखेंगी प्रस्ताव ।

