बैतूल में सनसनीखेज वारदात: 12वीं के पूर्व टॉपर ने माता-पिता व भाई की हत्या,

0

बैतूल जिले के बैतूल में कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत खेड़ी चौकी के ग्राम सावंगा में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक युवक द्वारा अपने ही माता-पिता और भाई की हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना के बाद आरोपी घर के भीतर शवों के पास ही बैठा रहा।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर तक जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा खटखटाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर आरोपी दीपक धुर्वे मौजूद था तथा घर के तीन सदस्य मृत अवस्था में पड़े थे। घर के भीतर पांच वर्षीय मासूम भांजा प्रशांत परते भयभीत अवस्था में मिला। प्रारंभिक आशंका है कि उस पर भी हमला करने का प्रयास किया गया हो, हालांकि उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान राजू उर्फ हंसू धुर्वे (55), कमलती धुर्वे (46) और दिलीप धुर्वे (23) के रूप में हुई है। घटनास्थल से खून के धब्बे मिले हैं। एक पालतू बिल्ली का मृत शरीर भी घर में मिला है। पुलिस ने मौके से लोहे की रॉड और डंडा बरामद कर जब्त किया है। पड़ोसियों के अनुसार, आरोपी का मानसिक संतुलन पिछले चार-पांच वर्षों से ठीक नहीं था और उसका उपचार चल रहा था। वह हाल ही में नागपुर से इलाज कर वापस लौटा था। बताया जाता है कि वह 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट छात्र रहा था और सीआरपीएफ भर्ती परीक्षा में भी सम्मिलित हुआ था।कोतवाली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ प्रारंभ कर दी है। फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here