सेवा सेतु अभियान के तहत ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित,

0

मुलताई। आम नागरिकों को शासन की जनहितकारी एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराने तथा विभिन्न शासकीय विभागों की सेवाओं को सरल एवं सुलभ बनाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रविवार को मुलताई तहसील कार्यालय परिसर में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मां ताप्ती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा शासन की योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई।

शिविर को संबोधित करते हुए विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य ग्रामीण, श्रमिक, महिलाएं तथा वंचित वर्ग के लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। इसी उद्देश्य से विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण किया जा सकता है। विधायक ने शिविर में मौजूद सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।

सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित शिविर में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र से आए नागरिकों ने विभिन्न शासकीय योजनाओं और विभागीय सेवाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नीतू पहलाद परमार, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गणेश साहू, सेवा सेतु अभियान प्रभारी वर्षा गढ़ेकर, रितेश विश्वकर्मा, महेंद्र जैन, शिल्पा शर्मा, सुरेश पौनिकर, नगर पालिका एल्डरमैन निलेश चावरिया, बीना पंजाबी, श्यामू ढोमने, राजू चौबे एवं प्रीतम सिंह सिसोदिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा एसडीएम राजीव कहार, तहसीलदार संजय बरैया, नगर पालिका सीएमओ वीरेंद्र तिवारी, उपयंत्री महेश शर्मा सहित विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया, जिससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों में जाने की आवश्यकता न पड़े और उनकी समस्याओं का शीघ्र सaमाधान हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here