शक्कर, पेट्रोल, बिजली बिल और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर जताया विरोध; किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने और टोकन व्यवस्था बंद करने की मांग
मुलताई। रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की लगातार बढ़ती कीमतों और कथित रूप से बेलगाम होती महंगाई के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में गुरुवार को नगर में विशाल विरोध प्रदर्शन किया गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने रैली निकालकर केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रैली नगर के फव्वारा चौक से प्रारंभ हुई और जय स्तंभ चौक, बस स्टैंड सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शक्कर, ई-20 पेट्रोल, बिजली के बढ़ते बिल, रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों सहित आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
महंगाई से घरेलू बजट प्रभावित होने का आरोप
रैली में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की बढ़ती कीमतों के कारण गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और आम उपभोक्ता आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं। महंगाई का सीधा असर परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से आम जनता को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
शक्कर की कीमत नियंत्रित करने की मांग,
कांग्रेस द्वारा राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि शक्कर जैसी दैनिक आवश्यकता की वस्तु की बढ़ती कीमतों से आम परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस ने शक्कर की कीमतों को नियंत्रित करने, आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा आम उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने की मांग की।

ई-20 पेट्रोल को लेकर भी उठाए सवाल,
कांग्रेस ने ई-20 पेट्रोल की कीमत और इसके उपयोग को लेकर भी सरकार से स्पष्ट नीति बनाने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि वाहन चालकों के बीच ई-20 पेट्रोल को लेकर विभिन्न समस्याओं और आशंकाओं को दूर करने के लिए इसकी गुणवत्ता, कीमत और वाहनों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों के संबंध में उपभोक्ताओं को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

बिजली के बढ़ते बिलों पर जताई नाराजगी,
प्रदर्शनकारियों ने बिजली के बढ़ते बिलों को लेकर भी विरोध दर्ज कराया। ज्ञापन में घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए बिजली दरों और बिलों की समीक्षा करने तथा अनावश्यक अथवा अधिक बिल आने की शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की गई। कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की। रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने कहा कि इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। पार्टी ने गैस सिलेंडर की कीमत कम कर आम उपभोक्ताओं को राहत देने तथा रसोई गैस को आम परिवारों की पहुंच में बनाए रखने की मांग की।

किसानों को खाद उपलब्ध कराने और टोकन व्यवस्था बंद करने की मांग,
कांग्रेस ने किसानों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद आसानी से उपलब्ध कराने तथा खाद वितरण में लागू टोकन व्यवस्था को बंद करने की मांग की गई। इसके साथ ही केबल एवं मोटर चोरी की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग भी प्रशासन से की गई। कांग्रेस नेताओं ने रेत के बढ़ते दामों को भी जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताते हुए सरकार और संबंधित विभागों से इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि निर्माण कार्यों सहित आम लोगों पर पड़ रहे अतिरिक्त आर्थिक बोझ को कम करने के लिए रेत की कीमतों पर भी प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है।

तहसील कार्यालय में सौंपा ज्ञापन,
रैली के तहसील कार्यालय पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी को महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से महंगाई पर नियंत्रण, आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की कीमतों में राहत तथा आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण यादव, ब्लॉक प्रभारी संजय यादव, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुमित शिवहरे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष लोकेश यादव सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, जिला महासचिव किशोर सिंह परिहार, कमल सोनी, नितेश साहू, जीवन डोंगरदिये, अनिल पंडागे, नारायण ठाकुर, रामराव खासदेव, भोजराज रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित थे।

