17 गांवों के ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार, पक्की सीढ़ियां और सीसी रोड बनाने की मांग,
मुलताई। ग्राम पंचायत गौला-रावा क्षेत्र अंतर्गत पारसडोह स्थित पवित्र ताप्ती नदी तट पर मोक्षधाम तक पक्की सीढ़ियां (घाट) एवं सीसी रोड निर्माण की मांग अब तेज हो गई है। क्षेत्र के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से शीघ्र निर्माण कार्य कराने की मांग उठाई है। इस संबंध में जनपद पंचायत मुलताई की जनपद सदस्य एवं स्वास्थ्य तथा महिला बाल विकास समिति की सभापति श्रीमती शर्मिला सुनील पंडोले ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मुलताई को आवेदन सौंपकर समस्या से अवगत कराया।
आवेदन में बताया गया कि ग्राम पंचायत गौला, रावा, पौनी, कुटखेड़ी, लिंडढ़ा, तावला, मनोरा, सिपाई, बारधी, खेड़ीकोर्ट, निमनवाड़ा और ऐनखेड़ सहित आसपास के लगभग 17 गांवों के ग्रामीण अंतिम संस्कार, दशक्रिया और धार्मिक कार्यों के लिए पारसडोह स्थित ताप्ती नदी मोक्षधाम पहुंचते हैं। लेकिन यहां पक्के घाट और सुरक्षित सीढ़ियों के अभाव में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में पारसडोह पुलिया निर्माण कार्य जारी है तथा मोक्षधाम के समीप अस्थायी भराव किया गया है। बारिश के दौरान जल प्रवाह बढ़ने पर यह भराव बह जाने की आशंका बनी हुई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अंतिम संस्कार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि पारसडोह का ताप्ती तट धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है, जहां प्रतिदिन लोग पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, जो चिंता का विषय है। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि पारसडोह ताप्ती मोक्षधाम पर शीघ्र पक्के घाट, सीढ़ियां और सीसी रोड का निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम सुविधाएं मिल सकें।


