जुआ-सट्टे के बढ़ते कारोबार के बीच बढ़ीं चोरी की वारदातें! मंदिरों पर चोरों की नजर,

0

मुलताई/दुनावा। मुलताई क्षेत्र में जुआ-सट्टे जैसी अवैध गतिविधियों के बढ़ने को लेकर स्थानीय स्तर पर चिंता जताई जा रही है। इसी बीच क्षेत्र में पिछले करीब एक माह से चोरी की घटनाओं का सिलसिला भी लगातार सामने आ रहा है। खास बात यह है कि धार्मिक स्थलों और मंदिरों को भी चोर निशाना बना रहे हैं। दुनावा में तो महज तीन दिनों के भीतर तीन अलग-अलग मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं।

इनमें दो वारदातें दिनदहाड़े हुईं, जबकि तीसरी घटना शनिवार रात सामने आई। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते असामाजिक और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और चिंताजनक हो सकती है। हालांकि, जुआ-सट्टे के कारोबार और चोरी की घटनाओं के बीच सीधे संबंध की पुष्टि पुलिस जांच के बिना नहीं की जा सकती किंतु पुलिस की भूमिका को लेकर भी अनेक सवाल है जिसके चलते स्थानीय लोगों द्वारा चिंता व्यक्त की जा रही है और क्षेत्र में सामने आई घटनाओं के संदर्भ प्रश्न खड़े कर रहे हैं।

दुनावा के बड़ चौक स्थित दुर्गा मंदिर में शुक्रवार को अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया गया कि चोर मंदिर के अंदर घुसे और त्रिशूल की मदद से दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी करीब 8 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। शाम के समय जब मोहल्ले के लोग मंदिर में आरती करने पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई।

लोगों ने देखा कि दान पेटी, जो सामान्यतः दुर्गा माता की प्रतिमा के चबूतरे पर रखी रहती है, वहां मौजूद नहीं थी। दान पेटी चबूतरे के पीछे पड़ी थी और उसका ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर उसमें रखी नकदी गायब मिली। मोहल्लेवासियों के मुताबिक मंदिर में माता की प्रतिमा के ऊपर चांदी का छत्र भी लगा हुआ है। गनीमत रही कि चोरों की नजर उस पर नहीं पड़ी, अन्यथा चांदी का छत्र भी चोरी हो सकता था।

दूसरी घटना शनिवार को आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के पीछे स्थित मरही माता मंदिर में हुई। यहां भी चोरों ने दिनदहाड़े मंदिर को निशाना बनाया। अज्ञात चोर मंदिर की दान पेटी को बोरी में भरकर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति की नजर पड़ने पर चोर घबरा गए और दान पेटी को मंदिर से कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गए। मंदिर की देखरेख करने वाले संजू पटेल ने बताया कि दान पेटी में करीब 3 हजार रुपये रखे हुए थे।

तीसरी वारदात काठी रोड स्थित शिव मंदिर में शनिवार रात हुई। अज्ञात चोरों ने मंदिर में रखे दान पात्र का ताला तोड़ा और उसमें मौजूद पूरी नकदी लेकर फरार हो गए। मंदिर के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि यहां प्रतिवर्ष गणेशजी की प्रतिमा स्थापित की जाती है। इसी दौरान दान पात्र खोला जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले वर्षों में दान पात्र से करीब 20 से 25 हजार रुपये की राशि निकलती रही है। इसी आधार पर इस बार भी दान पात्र में करीब 20 से 25 हजार रुपये होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, वास्तविक राशि कितनी थी, यह दान पात्र की राशि की पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

दुनावा में लगातार तीन दिनों में तीन मंदिरों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने लोगों को चिंता में डाल दिया है। विशेष रूप से दो मंदिरों में दिनदहाड़े चोरी और चोरी के प्रयास से चोरों के बढ़ते दुस्साहस को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ी है। ऐसे में पुलिस को मंदिरों और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के साथ ही लगातार हो रही वारदातों का जल्द खुलासा करना चाहिए।

क्षेत्र में जुआ-सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग भी उठ रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस को ऐसे स्थानों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो। अब देखना यह है कि दुनावा में लगातार सामने आई मंदिर चोरी की इन घटनाओं में पुलिस कब तक आरोपियों तक पहुंचती है और चोरी की वारदातों का खुलासा करती है।

—————————————————————————–

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here