छात्रों से सीधा संवाद, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से जुड़ने का आह्वान,

0

मुलताई। आगामी 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर मुलताई में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। स्थानीय शासकीय महाविद्यालय में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मुलताई के अध्यक्ष अरुण यादव के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों से मुलाकात कर कार्यक्रम के उद्देश्य और इसमें जुड़ने के माध्यमों की जानकारी साझा की।

इस दौरान विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे 19 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ें। विद्यार्थियों को बताया गया कि वे कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी अपनी सहभागिता दर्ज करा सकते हैं। छात्रों के साथ हुई चर्चा के दौरान पेपर लीक, परीक्षाओं से जुड़ी समस्याएं, भर्ती प्रक्रिया, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था तथा युवाओं के भविष्य जैसे विषय प्रमुखता से सामने आए।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों से उनकी समस्याओं और अनुभवों को लेकर चर्चा की, वहीं विद्यार्थियों ने भी शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और युवाओं को अपनी समस्याएं, अनुभव और सुझाव साझा करने के लिए एक संवाद का मंच उपलब्ध कराना है। उनका कहना है कि शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विषय युवाओं के भविष्य से सीधे जुड़े हैं, इसलिए इन मुद्दों पर विद्यार्थियों की राय और अनुभवों को सामने लाना आवश्यक है।

कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों से संवाद के दौरान जिला महासचिव किशोर परिहार, नितेश साहू, लोकेश यादव, सचिन लिखितकर, हर्षित भाजपाई, अजय ठाकुर, महेश नागले, सुखदेव नरवरे एवं स्वास्तिक दुबे सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि युवाओं की समस्याओं और सुझावों को व्यापक मंच तक पहुंचाने के लिए विद्यार्थियों के साथ निरंतर संवाद जरूरी है। इसी उद्देश्य से आगामी कार्यक्रम को लेकर कॉलेजों एवं युवाओं के बीच संपर्क किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here