संदीपनी विद्यालय में पखवाड़े का हुआ समापन, पोदार लर्न स्कूल में गुरु पूजन एवं सम्मान समारोह, बिरुल बाजार में भव्य अश्व शोभायात्रा ने बांधा समां,
मुलताई। गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं धार्मिक संगठनों द्वारा गुरुजनों के सम्मान, भारतीय संस्कृति के संरक्षण और आध्यात्मिक मूल्यों के संवर्धन को लेकर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। शासकीय संदीपनी उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का समापन समारोह हुआ, वहीं पोदार लर्न स्कूल में गुरु पूजन एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत बिरुल बाजार में भव्य अश्व शोभायात्रा एवं धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे।
संदीपनी विद्यालय में हुआ गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का समापन,
शासकीय संदीपनी उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुरु पूर्णिमा एवं गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का समापन समारोह विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं गुरु महर्षि सांदीपनि के पूजन तथा सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।

विद्यार्थियों ने सभी शिक्षकों का तिलक लगाकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान व्यक्त किया। विद्यालय में 15 जुलाई से प्रारंभ हुए गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के दौरान सरस्वती पूजन, विद्यालय भ्रमण, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता, योग एवं ध्यान, स्वास्थ्य जागरूकता, कैरियर मार्गदर्शन, अतिथि व्याख्यान, “एक गुरु-एक वृक्ष” के तहत वृक्षारोपण, अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम), स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता रैली तथा गुरु-शिष्य प्रेरणा संवाद जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पोदार लर्न स्कूल में गुरुजनों का हुआ सम्मान,
पोदार लर्न स्कूल में गुरु पूर्णिमा श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई गई। विद्यालय के डायरेक्टर अरुण यादव, प्राचार्य तन्वी सवाशेरे, एडमिन देवेंद्र शर्मा सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने गुरु पूजन कर अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। बच्चों ने तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित कर एवं सम्मान समारोह के माध्यम से गुरुजनों का अभिनंदन किया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को गुरु के महत्व, संस्कारों और जीवन में उनके मार्गदर्शन की भूमिका से अवगत कराया। पूरे विद्यालय परिसर में श्रद्धा, सम्मान और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।

बिरुल बाजार में निकली भव्य अश्व शोभायात्रा,
ग्राम पंचायत बिरुल बाजार में गुरु पूर्णिमा का पर्व धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भव्य अश्व शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बिरुल बाजार सहित आसपास के अनेक गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान धार्मिक जयघोष, भजन-कीर्तन और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर स्वर लहरियों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

यात्रा में आकर्षक धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए समाज में आध्यात्मिक मूल्यों, संस्कारों और गुरु-शिष्य परंपरा को सुदृढ़ बनाए रखने का संदेश दिया। पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ और क्षेत्र में धार्मिक समरसता तथा सामाजिक एकता का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।



