थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार के नेतृत्व में मुलताई पुलिस की कार्रवाई
मुलताई। किसानों से फसल खरीदकर लाखों रुपये का भुगतान नहीं करने वाले आरोपी को नरेन्द्र सिंह परिहार के नेतृत्व में थाना मुलताई पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी सुधीर चौहान पिता धनवंत सिंह चौहान उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम बाडेगांव थाना मुलताई अपने साथ 23 अन्य ग्रामीण किसानों के साथ थाना मुलताई पहुंचे और एक लिखित आवेदन प्रस्तुत किया।
आवेदन में आरोप लगाया गया कि आरोपी रवि गुजरे पिता सेवाराम गुजरे निवासी भगतसिंह वार्ड मुलताई ने किसानों से गेहूं एवं मक्का की फसल खरीदी, लेकिन भुगतान करने में लगातार टालमटोल करता रहा तथा छलपूर्वक किसानों की लगभग 21 लाख 56 हजार 65 रुपये की राशि वापस नहीं की। आवेदन की जांच के बाद थाना मुलताई में आरोपी रवि गुजरे के विरुद्ध अपराध क्रमांक 401/26 धारा 316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मुलताई कस्बे से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रवि गुजरे उम्र 32 वर्ष को विधिवत गिरफ्तार कर 24 मई 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार, सहायक उप निरीक्षक श्रीराम मांडवी एवं प्रधान आरक्षक दिनेश बर्डे की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।


