संजय द्विवेदी
आयुष अधिकारी को सौंपा ज्ञापन,मानसिक एवं आर्थिक प्रताड़ना, धमकाने और नियम विरुद्ध निरीक्षण का आरोप; कारण बताओ नोटिस निरस्त करने व लिखित माफी की मांग
बैतूल। आयुष चिकित्सा अधिकारी संघ, जिला शाखा बैतूल ने भोपाल आयुष कार्यालय के प्रभारी कार्यालय अधीक्षक दुर्गा सिंह पर निरीक्षण के दौरान अभद्र व्यवहार, मानसिक एवं आर्थिक प्रताड़ना तथा नियमों के विपरीत कार्रवाई करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों को लेकर संघ ने शनिवार को बैतूल दौरे पर आए प्रभारी संभागीय आयुष अधिकारी भोपाल एस.पी. वर्मा को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पूर्व शुक्रवार को भी आयुष चिकित्सा अधिकारी संघ ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की शिकायत करते हुए उचित कार्रवाई की मांग की थी। संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि 29 जुलाई को प्रभारी कार्यालय अधीक्षक दुर्गा सिंह ने बैतूल जिले की विभिन्न आयुष संस्थाओं का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं संस्था प्रभारियों से कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया तथा शाम चार बजे के बाद आवश्यक दस्तावेज कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
संघ का आरोप है कि निरीक्षण के दौरान दस्तावेजों की विधिवत जांच किए बिना ही अधिकारियों और चिकित्सकों को गोपनीय चरित्रावली खराब करने, वेतनवृद्धि रोकने, तीन दिन का वेतन काटने, परिवीक्षा अवधि बढ़ाने तथा संविदा चिकित्सकों के अनुबंध का नवीनीकरण नहीं करने जैसी कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की धमकी दी गई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि 30 जुलाई को संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। इसके बाद जब चिकित्सक आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय पहुंचे, तब भी दस्तावेजों की जांच किए बिना कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए वेतनवृद्धि रोकने और अन्य कठोर कार्रवाई की धमकी दी गई। संघ का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम से जिले के आयुष चिकित्सकों एवं संस्था प्रभारियों में भारी रोष व्याप्त है।

संघ ने रखीं प्रमुख मांगें,
आयुष चिकित्सा अधिकारी संघ ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि निरीक्षण की प्रक्रिया नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से अपनाई जाए तथा मोबाइल या अन्य अनुचित माध्यमों से निरीक्षण की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। सभी संस्थाओं का निरीक्षण जिला आयुष अधिकारी बैतूल के माध्यम से नियमानुसार भौतिक रूप से कराया जाए।

इसके अलावा भोपाल संभागीय आयुष कार्यालय द्वारा जारी सभी कारण बताओ नोटिस तत्काल निरस्त किए जाएं तथा इसकी सूचना संबंधित संस्था प्रभारियों को उपलब्ध कराई जाए। संघ ने यह भी मांग की कि निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों एवं संस्था प्रभारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार, अपमानजनक भाषा और धमकी देने के मामले में प्रभारी कार्यालय अधीक्षक दुर्गा सिंह मौखिक एवं लिखित रूप से माफी मांगें।
इनका कहना
“आयुष चिकित्सकों की शिकायत पर आधारित ज्ञापन प्राप्त हो गया है। इसे विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।”
— एस.पी. वर्मा, प्रभारी संभागीय आयुष अधिकारी, भोपाल संभाग




