विधायक ने भी अधीक्षण यंत्री से की मुलाकात चिखली कला में देर रात प्रदर्शन, जनप्रतिनिधियों के खिलाफ लगे नारे; मोही विद्युत स्टेशन से जुड़े 20 से अधिक गांव प्रभावित, नियमित बिजली आपूर्ति का मिला आश्वासन
मुलताई। विधानसभा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी अघोषित बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार देर रात ग्राम चिखली कला के ग्रामीणों ने लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति से नाराज होकर बिजली वितरण कंपनी के कार्यालय का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भी मुर्दाबाद के नारे लगाए गए तथा नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की गई। वहीं बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने बैतूल पहुंचकर विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री भूपेंद्र सिंह बघेल से मुलाकात कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण होती देख बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने दुनावा पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से प्रतिदिन शाम होते ही बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है और कई बार पूरी रात बिजली नहीं रहती। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई, घरेलू कार्य, पेयजल व्यवस्था, छोटे व्यापार और किसानों का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अघोषित बिजली कटौती के कारण लोगों का सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

बारिश के मौसम में बढ़ी परेशानी,
ग्रामीणों ने बताया कि लगातार अंधेरा रहने से बारिश के मौसम में सांप, बिच्छू सहित अन्य जहरीले जीव घरों और रास्तों में निकल आते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इसका सबसे अधिक असर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है।

20 से अधिक गांवों में गहराया बिजली संकट,
केवल चिखली कला ही नहीं, बल्कि मोही विद्युत स्टेशन के भिलाई एवं एनएस फीडर से जुड़े 20 से अधिक गांव भी अघोषित बिजली कटौती से प्रभावित हैं। उभारिया के पूर्व सरपंच तकी उल हसन रिजवी ने बताया कि भिलाई फीडर से जुड़े गांवों में लगभग दो घंटे बिजली बंद रहने के बाद केवल 15 से 20 मिनट के लिए आपूर्ति होती है और फिर लाइन काट दी जाती है। पूरी रात में जोड़कर मुश्किल से दो घंटे ही बिजली मिल पा रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह से स्थिति और अधिक खराब हो गई है। कभी बड़ी लाइन के रखरखाव तो कभी छोटे-मोटे मेंटेनेंस के नाम पर दिन में तीन से चार बार बिजली काटी जा रही है। कटौती का कोई निश्चित समय नहीं होने से किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। अधिकारियों से शिकायत करने पर उन्हें यही बताया जाता है कि कटौती के आदेश जबलपुर मुख्यालय से प्राप्त होते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि चिकली कला के साथ-साथ वलनी सहित आसपास के कई गांवों में प्रतिदिन शाम से देर रात तक बिजली गुल रहती है। समय पर बिजली बिल जमा करने के बावजूद लगातार अघोषित कटौती से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही नियमित बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो सभी प्रभावित गांव एकजुट होकर व्यापक आंदोलन करेंगे।
विधायक ने अधीक्षण यंत्री से की चर्चा

बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री भूपेंद्र सिंह बघेल से बैतूल में मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद करने तथा नियमित एवं सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।भाजपा मीडिया प्रभारी रामचरण मालवीय ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विधायक ने अधिकारियों से चर्चा कर क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने का आग्रह किया।
विधायक देशमुख ने कहा कि लगातार अघोषित बिजली कटौती से जनता परेशान है और विभाग को इस समस्या का तत्काल समाधान करना चाहिए। इस पर अधीक्षण यंत्री भूपेंद्र सिंह बघेल ने आश्वासन दिया कि अघोषित बिजली कटौती की समस्या के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा विधानसभा क्षेत्र में नियमित एवं सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।


