एक सप्ताह पहले घाट अमरावती के तीन मंदिरों में हुई थी चोरी, लगातार वारदातों से श्रद्धालुओं में आक्रोश, पुलिस गश्त पर उठे सवाल,
मुलताई। मुलताई क्षेत्र में मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में प्रभात पट्टन ब्लॉक के ग्राम घाट अमरावती के तीन मंदिरों में हुई चोरी की घटना को अभी एक सप्ताह भी नहीं बीता था कि अब नगर के बैतूल रोड स्थित मंगलवारी बाजार के समीप साईं-हनुमान मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
लगातार हो रही इन घटनाओं से श्रद्धालुओं और मंदिर समितियों में आक्रोश व्याप्त है तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात अज्ञात चोर साईं-हनुमान मंदिर में घुस गए। चोरों ने मंदिर की दानपेटी तोड़कर उसमें रखी लगभग 70 से 80 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर दानपेटी अपने साथ ले गए और मंदिर परिसर में पीपल के पेड़ के पास केवल सिक्के छोड़कर फरार हो गए।

मंगलवार सुबह जब मंदिर के पुजारी एवं श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो दानपेटी गायब मिली। परिसर में बिखरे सिक्के देखकर चोरी की जानकारी हुई। घटना की सूचना मिलते ही मंदिर समिति के सदस्य और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। चोरी की घटना को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। मामले की सूचना तत्काल मुलताई थाना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा साक्ष्य जुटाते हुए अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

घाट अमरावती में भी एक ही रात में तीन मंदिरों को बनाया था निशाना,
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व प्रभात पट्टन के समीप स्थित ग्राम घाट अमरावती में भी अज्ञात चोरों ने एक ही रात में तीन मंदिरों में चोरी की थी। बदमाशों ने मां अंबा मंदिर, शिव मंदिर तथा अमरेश्वर नागद्वार मंदिर की दानपेटियां तोड़कर नकदी चोरी कर ली थी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिए थे। ग्रामीणों के अनुसार यह घटना गुरुवार की दरमियानी रात हुई थी। अगले दिन सुबह जब ग्रामीण और मंदिर समितियों के सदस्य पूजा के लिए पहुंचे, तब दानपेटियां टूटी हुई मिलीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई थी।
लगातार बढ़ रही घटनाओं से लोगों में असुरक्षा का माहौल,
लगातार मंदिरों में हो रही चोरियों से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों को लगातार निशाना बनाए जाने से आस्था को ठेस पहुंच रही है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी बनाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके।



