दुनावा बाजार में सक्रिय महिला चोर गिरोह की तीन सदस्याएं पकड़ी गईं,

0

महिला ने पर्स से रुपये निकालते रंगे हाथ पकड़ा, पहले हुई मंगलसूत्र और नकदी चोरी की घटनाओं से भी जोड़कर हो रही जांच,

मुलताई। दुनावा साप्ताहिक बाजार एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला चोर गिरोह की सक्रियता लगातार बढ़ती नजर आ रही है। यह गिरोह त्योहारों, साप्ताहिक हाट बाजारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान खरीदारी करने आने वाली महिलाओं को निशाना बनाता है। गिरोह की महिलाएं ग्राहक बनकर या झुंड में घूमते हुए वारदात को अंजाम देती हैं।

गुरुवार को दुनावा साप्ताहिक सब्जी बाजार में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राम गांगई निवासी रंजना पति दशरथ लांजीवार ने अपने पर्स से रुपये निकालते हुए एक महिला को देख लिया। रंजना के अनुसार, महिला ने उनके पर्स से 1,400 रुपये निकाल लिए। पकड़े जाने का एहसास होते ही उसने रुपये जमीन पर फेंक दिए, जिन्हें पीछे चल रहे एक ग्रामीण ने उठा लिया। रंजना ने तत्काल महिला को पकड़ लिया।

उसके साथ मौजूद दो अन्य महिलाओं को भी लोगों ने घेर लिया और तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया। तीनों महिलाओं को दुनावा चौकी लाया गया, जहां चौकी प्रभारी आम्रपाली डाहट ने उनकी तलाशी लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, तलाशी में उनके पास से कोई नकदी या संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ।

पूछताछ में महिलाओं ने अपने नाम दुर्गा श्याम लोधे (30 वर्ष), प्रिया चेतन रोकड़े (20 वर्ष) और पद्मा कन्हैया नारे (35 वर्ष) निवासी ताजबाग, नागपुर की झुग्गी बस्ती बताए। उन्होंने अपनी जाति गोसाई बताई। प्रिया ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति से विवाद के बाद दो-तीन दिन पहले घर से निकली थी और अपनी सास की तलाश में पहले छिंदवाड़ा तथा बाद में दुनावा पहुंची थी।

उसके साथ तीन माह का शिशु भी था। इसी बाजार में लालढाना निवासी जागेश पिता पारन्या के भी पीछे की जेब से 5,900 रुपये चोरी होने की जानकारी सामने आई। वहीं, 23 जुलाई को दुनावा निवासी कुसुम कड़वे का करीब 1.50 लाख रुपये कीमत का मंगलसूत्र भी साप्ताहिक बाजार से चोरी हो गया था। पुलिस ने इस मामले में भी तीनों महिलाओं से पूछताछ की, हालांकि अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाजार में पहले भी चेन स्नेचिंग, पर्स चोरी और मोबाइल चोरी जैसी कई घटनाएं हो चुकी हैं।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इन महिलाओं का संबंध पूर्व में हुई घटनाओं से है। दुनावा चौकी प्रभारी आम्रपाली डाहट ने बताया कि तीनों महिलाओं से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तीनों महिलाओं के विरुद्ध धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने बाजार आने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं, से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने पर्स, मोबाइल और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखने की अपील की है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि ऐसे गिरोहों के साथ पुरुष सदस्य भी रहते हैं, जिन्हें चोरी के तुरंत बाद सामान सौंप दिया जाता है, जिससे पकड़ी गई महिलाओं के पास से अक्सर कोई सामान बरामद नहीं होता। इसलिए पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here