3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में सिंगल क्लिक से पहुंचाई बोनस राशि, वन समितियों को ₹13 करोड़ से अधिक का काष्ठ लाभांश भी किया अंतरित; ₹442 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण,
बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को बैतूल के पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के तेंदूपत्ता संग्राहकों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से बैतूल, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले के 3 लाख 69 हजार तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में ₹30 करोड़ से अधिक की बोनस राशि अंतरित की। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र को विकास की नई सौगातें भी दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके, राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सरदार पटेल की प्रतिमा का किया अनावरणलौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल के ग्राम बडोरा में सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र सेवा के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

वन समितियों को ₹13 करोड़ से अधिक का काष्ठ लाभांश,
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बैतूल वन क्षेत्र की ग्राम वन समितियों के सदस्यों को ₹13 करोड़ से अधिक की काष्ठ लाभांश राशि भी अंतरित की। इस पहल से वन समितियों से जुड़े सदस्यों को आर्थिक लाभ मिलेगा। वन संरक्षण और वनों के बेहतर प्रबंधन में स्थानीय ग्रामीणों की भागीदारी को प्रोत्साहन देने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

107 विकास कार्यों की दी सौगात, ₹442 करोड़ से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से जिले एवं क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से कुल 107 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें ₹297 करोड़ से अधिक की लागत के 52 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जबकि ₹145 करोड़ से अधिक की लागत से पूर्ण हुए 55 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।

इन विकास कार्यों से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, निर्माण कार्यों को गति मिलने और विकास की नई संभावनाएं मजबूत होने की उम्मीद है। कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहकों, वन समितियों और आम नागरिकों के हित में विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

