हैप्पी क्लासरूम्स प्रशिक्षण में शिक्षकों ने सीखे आनंददायी शिक्षण के गुर

0
हैप्पी टीचर्स से ही बनता है हैप्पी क्लासरूम, CBSE के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भोपाल के तत्वावधान में कोरोला पब्लिक स्कूल में हुआ छह घंटे का प्रशिक्षण

मुलताई। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, भोपाल के तत्वावधान में शनिवार, 28 नवंबर को कोरोला पब्लिक स्कूल, मुलताई में ‘हैप्पी क्लासरूम्स’ विषय पर एक दिवसीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। छह घंटे तक चले इस प्रशिक्षण में शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आनंददायी, सकारात्मक और तनावमुक्त शिक्षण वातावरण तैयार करने के विभिन्न तरीके सीखे। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य सुरेन्द्र सिंह राठौड़ वेन्यू डायरेक्टर के रूप में उपस्थित रहे।

अतिथियों का स्वागत वाइस प्रिंसिपल संगीता राठौड़ ने किया। CBSE द्वारा नियुक्त रिसोर्स पर्सन हिना वाडेकर (प्राचार्य, सुभाष मोंटेसरी पब्लिक स्कूल, सौसर) एवं जोसेफ वी. जे. (पीजीटी, संत चावरा नेशनल एकेडमी, पारसिया) ने शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान हिना वाडेकर ने कहा कि “हैप्पी टीचर्स से ही हैप्पी क्लासरूम बनता है।” उन्होंने बताया कि शिक्षक का खुशहाल, प्रेरित और तनावमुक्त रहना कक्षा के वातावरण को सकारात्मक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

विद्यार्थियों को ऐसा माहौल मिलना चाहिए, जहां वे बिना किसी डर के अपनी बात रख सकें, प्रश्न पूछ सकें और आनंद के साथ सीखने की प्रक्रिया में शामिल हो सकें। वहीं, जोसेफ वी. जे. ने स्मार्ट थिंकिंग और रचनात्मक शिक्षण पद्धतियों पर जोर देते हुए कहा कि कक्षा को रोचक और आनंददायी बनाने के लिए शिक्षकों को नए विचारों एवं गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाना चाहिए।

प्रशिक्षण में विभिन्न गतिविधियों, समूह चर्चाओं और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से कक्षा प्रबंधन, सकारात्मक संवाद, विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता तथा बेहतर शिक्षण वातावरण विकसित करने के तरीकों पर मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग सभी शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने अनुभव साझा किए। आयोजन की व्यवस्थाएं कुलदीप राठौड़ एवं अन्य शिक्षकों द्वारा संभाली गईं। समापन अवसर पर प्राचार्य सुरेन्द्र सिंह राठौड़ ने रिसोर्स पर्सन्स का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को नई ऊर्जा, ज्ञान और दृष्टिकोण प्रदान करते हैं। इससे शिक्षण की गुणवत्ता बेहतर होने के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को भी बढ़ावा मिलता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here