100 गायों की क्षमता वाली गौशाला में रखे जा रहे 250 मवेशी, व्यवस्थाओं की कमी पर जताई चिंता; चारा-पानी और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों से चर्चा का दिया भरोसा,
मुलताई। बेजुबान पशुओं की सेवा और उनके बेहतर रखरखाव के लिए समाज के साथ जिम्मेदार अधिकारियों की संवेदनशीलता भी जरूरी है। इसी भावना के साथ मुलताई की एडीजे न्यायाधीश यतेश सिसोदिया शनिवार को रेलवे स्टेशन चौक स्थित गौशाला पहुंचीं। यहां उन्होंने गायों को अपने हाथों से हरा चारा, गुड़ और खली खिलाकर गौसेवा की। इस दौरान गौसेवकों ने उनका स्वागत किया और गौशाला में किए जा रहे सेवा कार्यों तथा व्यवस्थाओं की जानकारी दी।गौसेवकों ने न्यायाधीश को बगोड़ा स्थित गौशाला की मौजूदा स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि गौशाला में लगभग 100 गायों को रखने की क्षमता है, लेकिन वर्तमान में यहां करीब 250 मवेशियों का पालन-पोषण किया जा रहा है।
निर्धारित क्षमता से ढाई गुना अधिक मवेशी होने के कारण उनके लिए पर्याप्त चारा और पानी की व्यवस्था करना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। इसके अलावा गौशाला में मूलभूत सुविधाओं की कमी के चलते भी मवेशियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गौसेवकों ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद वे मवेशियों की देखभाल और उनके भोजन-पानी की व्यवस्था करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन मवेशियों की संख्या अधिक होने के कारण व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है। ऐसे में गौशाला में संसाधन बढ़ाने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत है।

गौशाला की स्थिति और मवेशियों की परेशानियों की जानकारी मिलने पर न्यायाधीश यतेश सिसोदिया ने चिंता जताई। उन्होंने गायों के लिए अपनी ओर से चारे की व्यवस्था कराने की बात कही। साथ ही संबंधित विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर गौशाला में पर्याप्त चारा, पानी और अन्य जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश देने का भरोसा दिलाया।

न्यायाधीश के इस संवेदनशील प्रयास से गौसेवकों में भी उम्मीद जगी कि गौशाला की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए जिम्मेदार विभागों का ध्यान आकर्षित होगा और मवेशियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इस दौरान उमेश खंडेलवाल, अधिवक्ता अनिल शर्मा, खान बस सर्विस संचालक फारुख खान, कपड़ा व्यवसायी कपिल खंडेलवाल, हनी भार्गव, बबल सेवतकर, पत्रकार चिंटू खन्ना, संकल्प जैन, मितेंद्र खंडेलवाल, संदीप कॉमडी, संदीप जैन सहित अन्य गौसेवक मौजूद रहे।

