दर्दनाक हादसा: थ्रेसर की चपेट में आने से 28 वर्षीय महिला की मौत,

0

मुलताई। क्षेत्र के ग्राम सिलादेही में मक्का की दावन के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। खेत में मक्का के दाने निकालने का काम चल रहा था, इसी दौरान महिला का सिर पर बंधा स्कार्फ थ्रेसर के पंखे में फंस गया। इसके बाद उनके बाल भी मशीन की चपेट में आ गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से गांव में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सिलादेही निवासी सोनाली देशमुख अपने पति दुर्गेश देशमुख के साथ खेत में मौजूद थीं। खेत में मजदूरों द्वारा मक्का की दावन का काम किया जा रहा था और मक्का के दाने समेटे जा रहे थे। इसी दौरान सोनाली थ्रेसर के नजदीक थीं। अचानक उनका सिर पर पहना स्कार्फ थ्रेसर के पंखे में फंस गया। स्कार्फ के साथ उनके बाल भी मशीन में उलझ गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजन और अन्य लोगों ने तत्काल सोनाली को निजी वाहन से मुलताई के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुलताई ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई है। 2021 में हुई थी शादी, तीन साल की बेटी- इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सोनाली की शादी वर्ष 2021 में हुई थी और उनकी तीन साल की एक बेटी है। मां की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक व्याप्त है। सावधानी जरूरी: खेतों में थ्रेसर जैसी कृषि मशीनों पर काम करते समय ढीले कपड़ों, स्कार्फ और खुले बालों को मशीन के घूमते हिस्सों से दूर रखना बेहद जरूरी है। थोड़ी-सी असावधानी भी गंभीर और जानलेवा हादसे का कारण बन सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here