खेड़ी सांवलीगढ़ के ताप्ती घाट पर चला सफाई अभियान, 100 से अधिक युवाओं ने मिलकर निकाला एक ट्रॉली कचरा,
बैतूल/मुलताई। माँ ताप्ती के संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देने के उद्देश्य से ताप्ती समग्र सोशल वेलफेयर फाउंडेशन, मुलतापी द्वारा ग्राम खेड़ी सांवलीगढ़ स्थित ताप्ती घाट पर सफाई अभियान चलाया गया। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के तहत आयोजित इस अभियान में भोपाल, मुलताई और प्रभात पट्टन से आए 100 से अधिक युवाओं ने ग्रामवासियों के साथ मिलकर श्रमदान किया। अभियान के दौरान नदी तट और घाट से प्लास्टिक, पॉलीथिन तथा पूजन सामग्री का कचरा एकत्र किया गया। इस दौरान करीब एक ट्रॉली कचरा निकाला गया, वहीं नदी में विसर्जित की गई लगभग 25 से 30 देवी प्रतिमाओं को भी बाहर निकाला गया।
पीओपी की प्रतिमाओं से नदी को नुकसान,
संस्था के अध्यक्ष गौरव माकोड़े ने बताया कि प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से बनी देवी प्रतिमाएँ पानी में आसानी से नहीं घुलतीं। लंबे समय तक नदी में पड़ी रहने वाली इन प्रतिमाओं पर इस्तेमाल किए गए रासायनिक रंग जल को प्रदूषित कर सकते हैं, जिससे जलीय जीवों को भी नुकसान पहुँचता है। उन्होंने नागरिकों से मिट्टी की प्रतिमाओं का उपयोग करने, निर्धारित विसर्जन कुंड में ही प्रतिमाओं का विसर्जन करने और घाटों पर प्लास्टिक व अन्य कचरा नहीं फेंकने की अपील की।

नदी संरक्षण के प्रति किया जागरूक,
सफाई अभियान के दौरान उपस्थित लोगों को नदी संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति और जलवायु परिवर्तन से निपटने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया। श्रमदान के बाद माँ ताप्ती की पूजा-अर्चना और आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। चार वर्षों से चला रहे संरक्षण अभियान– उल्लेखनीय है कि ताप्ती समग्र टीम पिछले लगभग चार वर्षों से माँ ताप्ती और माँ नर्मदा के घाटों पर वृक्षारोपण तथा सफाई अभियान चला रही है। इन गतिविधियों में भोपाल, मुलताई और प्रभात पट्टन के युवा नियमित रूप से भाग लेते हैं। संस्था की यह पहल अब युवाओं की सक्रिय भागीदारी से जन-जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के एक सशक्त अभियान का रूप ले रही है।

ये रहे उपस्थित-अभियान में समाजसेवी दिनेश मस्की, हेमंत वागदरे, नरेश फाटे और डॉ. नितिन देशमुख सहित संस्था के सदस्य गौरव माकोड़े, दुपेन्द्र झरबड़े, सुमित बारडे, भूषण देशमुख, राहुल धोटे, सोनू पाटणकर, गन्नू झरबड़े, कमलेश गायकवाड़, भावेश लोखंडे, अंकुश बारस्कर, अंकित माहले, देवेंद्र सोनारे और प्रणव बारस्कर उपस्थित रहे। संस्था ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी साथियों, ग्रामवासियों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

