अल्प वर्षा से रबी फसल की बुवाई को लेकर किसानों की चिंता बढ़ी,

0

भाजपा पदाधिकारियों ने विधायक चंद्रशेखर देशमुख से की चर्चा, क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग,

मुलताई। विधानसभा क्षेत्र में अल्प वर्षा के चलते रबी फसल की बुवाई और सिंचाई को लेकर किसानों की बढ़ती चिंता के बीच भाजपा के विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों एवं किसान मोर्चा के नेताओं ने विधायक चंद्रशेखर देशमुख से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। नगर मंडल मुलताई, दुनावा, प्रभात पट्टन, मासोद, साइखेड़ा मंडल सहित किसान मोर्चा के पदाधिकारी विधायक चंद्रशेखर देशमुख के ग्राम परसोडी स्थित निजी निवास पहुंचे। भाजपा मीडिया प्रभारी रामचरण मालवीय ने बताया कि पदाधिकारियों ने क्षेत्र में कम बारिश के कारण खेतों में नमी की कमी, सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता और आगामी रबी फसल की बुवाई को लेकर किसानों के सामने उत्पन्न हो रही समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।

पदाधिकारियों ने कहा कि पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण किसानों को रबी फसल की बुवाई को लेकर चिंता बनी हुई है। सिंचाई के लिए पानी की कमी के चलते किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक भार भी पड़ रहा है। उन्होंने क्षेत्र में वर्षा की स्थिति का सर्वे करवाने तथा शासन स्तर से किसानों के लिए आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गणेश साहू ने जनहित से जुड़े मुद्दों और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर गंभीरता से कार्य करने की बात कही।

वहीं साइखेड़ा मंडल अध्यक्ष राजेश हिंगवे, प्रभात पट्टन मंडल अध्यक्ष सतीश धाकड़ एवं भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री अशोक पांसे ने मुलताई विधानसभा क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करने तथा कृषि वैज्ञानिकों से किसानों को वर्तमान परिस्थितियों में फसल बोने को लेकर आवश्यक सलाह दिलाने की मांग रखी।

विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने भाजपा पदाधिकारियों की बात गंभीरता से सुनते हुए कहा कि किसानों की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को रबी फसल के लिए बांधों से अधिक से अधिक मात्रा में पानी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। विधायक ने कहा कि वे मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से भी चर्चा कर क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। मुलाकात के दौरान नगर मंडल अध्यक्ष गणेश साहू, प्रभात पट्टन मंडल अध्यक्ष सतीश धाकड़, मासोद मंडल अध्यक्ष विजय घोड़की, साइखेड़ा मंडल अध्यक्ष राजेश हिंगवे, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री अशोक पांसे, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश पाठक, भाजपा नगर मंडल निलेश चावरिया, मंडल महामंत्री राकेश बिहारे सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here