जांच नहीं हुई तो कलेक्टर से करेंगे शिकायत सभापति निर्मला उबनारे, पार्षद अंजली शिवहरे और नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुमित शिवहरे ने सौंपा ज्ञापन, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की उठाई मांग,
मुलताई। नगर पालिका परिषद मुलताई से शासकीय फाइलें गायब होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर जहां नगर पालिका प्रशासन में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है, वहीं जनप्रतिनिधियों में भी भारी नाराजगी देखी जा रही है। इस संबंध में नगर पालिका की सभापति निर्मला उबनारे, पार्षद अंजली शिवहरे एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुमित शिवहरे ने प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी जी.आर. देशमुख को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पन में कहा गया है कि समाचार पत्रों के माध्यम से जानकारी मिली है कि बैरियर नाका स्थित नगर पालिका की जर्जर दुकानों से संबंधित महत्वपूर्ण शासकीय फाइलें नगर पालिका कार्यालय से गायब हैं। जनप्रतिनिधियों ने इसे नगर पालिका प्रशासन की गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि शासकीय अभिलेखों का गायब होना केवल प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि अत्यंत गंभीर विषय है, जिसकी निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच होना आवश्यक है।
महिला जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि फाइलें किस परिस्थिति में गायब हुईं, इसके लिए कौन जिम्मेदार है और इसमें किसी प्रकार की अनियमितता या मिलीभगत रही है या नहीं, इसकी विस्तृत जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

सोमवार तक कार्रवाई नहीं हुई तो कलेक्टर से होगी शिकायत,.
ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि सोमवार तक इस मामले में ठोस और उचित कार्रवाई प्रारंभ नहीं की गई, तो मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में जिला कलेक्टर से पूरे मामले की शिकायत की जाएगी। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर पालिका की महत्वपूर्ण शासकीय फाइलों के गायब होने जैसे गंभीर मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रशासन पर बढ़ा दबाव,
जनप्रतिनिधियों के इस कदम के बाद नगर पालिका प्रशासन पर मामले की निष्पक्ष जांच कराने का दबाव बढ़ गया है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और गायब हुई शासकीय फाइलों का रहस्य कब तक सामने आता है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह मामला जिला स्तर पर और अधिक तूल पकड़ सकता है।





