मिलावट खोरों पर कार्रवाई नहीं हुई तो होगा जनआंदोलन,

0

मुलताई। आगामी रक्षाबंधन एवं स्वतंत्रता दिवस जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, शाखा मुलताई ने खाद्य पदार्थों में मिलावट और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से हो रहे खिलवाड़ पर गहरी चिंता व्यक्त की है। संगठन ने जिला कलेक्टर बैतूल के नाम एक विस्तृत ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मुलताई को सौंपकर नगर एवं तहसील क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की सघन जांच अभियान चलाने तथा मिलावटखोरों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि पवित्र नगरी मुलताई में रक्षाबंधन एवं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग दूध, पनीर, मिठाई, फल एवं अन्य खाद्य सामग्री की खरीदारी करते हैं। त्योहारों की बढ़ती मांग का लाभ उठाकर कुछ व्यापारी खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं रासायनिक पदार्थों का उपयोग कर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।

उपभोक्ता शुद्ध सामग्री प्राप्त करने के लिए निर्धारित मूल्य का भुगतान करता है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व मिलावटी सामग्री बेचकर लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं। ग्राहक पंचायत ने प्रशासन से मांग की है कि दूध एवं दुग्ध उत्पादों की नियमित सैंपलिंग कराई जाए। पनीर अथवा अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को तत्काल सील करते हुए दोषियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी दुकानों पर शासन द्वारा निर्धारित मूल्य सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराना अनिवार्य किया जाए।

संगठन ने यह भी मांग की कि मिठाई की दुकानों पर प्रत्येक उत्पाद की निर्माण तिथि एवं उपयोग अवधि का स्पष्ट उल्लेख हो। पैक्ड खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट, वजन एवं मापदंडों की नियमित जांच की जाए ताकि उपभोक्ताओं को कम तौल या एक्सपायरी सामग्री न बेची जा सके।ज्ञापन में नगर की खाद्य निर्माण इकाइयों में उपयोग किए जा रहे तेल, कच्चे माल तथा निर्माण स्थलों की स्वच्छता की जांच कराने की मांग भी की गई है।

इसके अलावा भ्रामक विज्ञापन कर कम मात्रा में अधिक मूल्य वसूलने वाली कंपनियों एवं व्यापारियों के विरुद्ध जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई करने की बात कही गई है।ग्राहक पंचायत ने सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर खरीदारी के बाद उपभोक्ताओं को अनिवार्य रूप से बिल उपलब्ध कराने, दूध डेयरियों पर तौल कांटों की जांच कराने तथा लेन-देन संबंधी आवश्यक सूचना बोर्ड लगाने की भी मांग की है।

ज्ञापन में नगर की फल दुकानों पर बिक रहे खराब एवं दूषित फलों का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन ने कहा कि खराब गुणवत्ता के फल बेचकर लोगों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा है। ऐसे फलों को तत्काल हटाया जाए, दुकानों का पंजीयन जांचा जाए तथा प्रत्येक बिक्री पर उपभोक्ता को बिल देना अनिवार्य किया जाए।

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि इस प्रकार के जनहित के मुद्दों पर पूर्व में भी कई बार ध्यान आकर्षित कराया गया है, लेकिन दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। यदि इस बार भी ज्ञापन के बाद ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आम नागरिकों के साथ मिलकर जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।ज्ञापन सौपने वालों में अ भा ग्रा पंचायत बैतूल के जिला उपाध्यक्ष ललित महतकर, तहसील अध्यक्ष डॉ कृष्णा धोटे ,कृष्णा गायकवाड ,नगर अध्यक्ष मनोज उईके, उपाध्यक्ष अशोक पंवार ,राजेश्वर पंवार सचिव राकेश भुजाडे, रोशन बालापुरे ,रोशन महतकर ,कोषाध्यक्ष विष्णु कामडी,दीपक देशमुख, मीडिया प्रभारी गज्जू कावडकर राजेश पाल , डॉ कावड़े  आदि प्रमुख है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here