पुलिस की कार्रवाई जारी, फिर भी कामथ में नहीं थम रहा अवैध शराब कारोबार
मुलताई। एसडीओ पुलिस एस.के. सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्रसिंह परिहार के नेतृत्व में थाना मुलताई पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15.96 लीटर अवैध मदिरा जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 8,125 रुपये बताई गई है। हालांकि इस कार्रवाई के बाद भी नगर सीमा से लगे ग्राम कामथ में अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कस्बा मुलताई के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब का विक्रय किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर 15 जून 2026 को पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की। इस दौरान रविशंकर पवार (37 वर्ष), निवासी कामथ के कब्जे से 15 पाव गोवा अंग्रेजी शराब एवं 17 पाव देसी प्लेन शराब, सुलखान सिंह सिसोदिया (37 वर्ष), निवासी बाड़ेगांव के पास से 5 क्वार्टर रॉयल सेलेक्ट अंग्रेजी शराब एवं 6 पाव देसी प्लेन शराब तथा महेश नागल (38 वर्ष), निवासी ताप्ती वार्ड, मुलताई के कब्जे से 10 क्वार्टर रॉयल स्पेशल अंग्रेजी शराब, 19 पाव देसी प्लेन शराब एवं 6 बीयर बरामद की गई। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपी शराब रखने एवं विक्रय करने संबंधी कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।

कामथ के ढाबे बन रहे अवैध शराब कारोबार का गढ़, कार्रवाई के बाद भी नहीं थम रहा धंधा,
पुलिस की इस कार्रवाई के बीच ग्राम कामथ में संचालित कुछ ढाबों और उनके आसपास अवैध शराब बिक्री को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस एवं आबकारी विभाग द्वारा समय-समय पर कार्रवाई की जाती है, लेकिन अधिकांश मामलों में कम मात्रा में शराब जब्त होने के कारण आरोपियों पर सामान्य कार्रवाई होती है और कुछ समय बाद वही गतिविधियां दोबारा शुरू हो जाती हैं। ग्रामीणों एवं क्षेत्र के जानकारों का दावा है कि अवैध शराब कारोबार से जुड़े कुछ लोग ढाबों के अलावा आसपास के मकानों और अन्य स्थानों पर भी शराब का भंडारण करते हैं तथा वहीं से इसकी आपूर्ति की जाती है।

हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लगातार सामने आ रहे मामलों ने क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार की गंभीरता को उजागर किया है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि केवल छोटी मात्रा में शराब जब्त करने तक सीमित कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। उनका कहना है कि पुलिस एवं आबकारी विभाग को अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क, भंडारण स्थलों और आपूर्ति तंत्र की गहन जांच कर बड़े स्तर पर कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही जिन लोगों के विरुद्ध बार-बार अवैध शराब कारोबार के मामले दर्ज हो रहे हैं, उनके खिलाफ जिला बदर सहित अन्य कठोर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठ रही है।

गौरतलब है कि मुलताई पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्रसिंह परिहार, उपनिरीक्षक श्रीराम मांडवी, प्रधान आरक्षक दिनेश बर्डे, आरक्षक अरविन्द एवं आरक्षक विवेक की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


