235 विद्यार्थियों ने लिया भाग, साक्षात्कार के बाद विभिन्न पदों पर मिली नियुक्ति की सौगात,
मुलताई। नगर की वर्धमान आईटीआई में आयोजित ओपन कैम्पस ड्राइव में 235 प्रशिक्षणार्थी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के बाद विभिन्न पदों के लिए 97 प्रशिक्षणार्थियों का चयन किया गया। कैम्पस ड्राइव में वर्धमान यार्न्स, सतलापुर (मंडीदीप, भोपाल) की भर्ती टीम ने भाग लेकर विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा, मां सरस्वती एवं मां ताप्ती के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात वर्धमान आईटीआई के प्राचार्य हितेश वानखेड़े ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कैम्पस ड्राइव की महत्ता पर प्रकाश डाला तथा उन्हें अपने कौशल और क्षमता के अनुरूप रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों को दी कंपनी की विस्तृत जानकारी,
कार्यक्रम के दौरान आईटीआई के टीएस सतीश खंडाग्रे ने संस्थान का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा विद्यार्थियों को प्रशिक्षण संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी। इसके बाद कमल नयन मिश्रा (सीनियर एग्जीक्यूटिव), वर्धमान यार्न्स मंडीदीप ने प्रशिक्षणार्थियों को कंपनी की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रिया, कार्य वातावरण तथा कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।


रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास,
संस्थान के संचालक अरुण यादव ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि वर्धमान आईटीआई द्वारा समय-समय पर कैम्पस ड्राइव आयोजित कर प्रशिक्षणार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ रोजगारोन्मुखी अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला उसके स्वयं के प्रयास, अनुशासन और परिश्रम पर निर्भर करती है। यदि विद्यार्थी समर्पण और लगन के साथ आगे बढ़ते हैं तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमती है।
संस्थान में रहा उत्साह का माहौल,
कैम्पस ड्राइव के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। चयनित प्रशिक्षणार्थियों ने इसे अपने करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए संस्थान और कंपनी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्थान के शिक्षकों एवं स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
फोटो कैप्शन: वर्धमान आईटीआई में आयोजित ओपन कैम्पस ड्राइव के दौरान उपस्थित कंपनी प्रतिनिधि, प्रबंधन एवं प्रशिक्षणार्थी विद्यार्थी।



