कटे हुए पेड़ खींचकर ला रहे ट्रैक्टर से हुआ हादसा, अवैध लकड़ी परिवहन पर उठे सवाल
मुलताई। मुलताई–सोनोली मार्ग पर बुधवार रात एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। घटना के संबंध में संदीप एम्बुले ने बताया कि बिना नंबर के एक ट्रैक्टर, जो कटे हुए झाड़ और पेड़ों को खींचकर ला रहा था, ने चंदन बारंगे पिता प्यारेलाल बारंगे मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहे युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए मुलताई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। मामले की शिकायत थाना मुलताई में दर्ज कराई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा पूर्व पार्षद भीवजी पवार के निवास के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि बिना नंबर का ट्रैक्टर कटे हुए बड़े-बड़े पेड़ों और झाड़ियों को खींचते हुए मुलताई की ओर आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार युवक को ट्रैक्टर से जुड़े पेड़ों का हिस्सा दिखाई नहीं दिया और वह उसकी चपेट में आ गया।

रात के अंधेरे में बन रहा जानलेवा खतरा,
ॉस्थानीय लोगों का कहना है कि पहले अवैध रूप से काटी गई लकड़ी को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर लाया जाता था, लेकिन अब बिना नंबर के ट्रैक्टरों से सीधे कटे हुए पेड़ों और झाड़ों को सड़क पर घसीटते हुए लाया जा रहा है। इससे सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो रहा है।

रात के समय बड़े-बड़े पेड़ों को खींचते हुए ले जाने पर पीछे लटक रहे तनों और शाखाओं का अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है। अंधेरे में सामने से आने वाले वाहन चालकों को यह दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।

प्रशासन और वन विभाग की भूमिका पर सवाल,
घटना के बाद क्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। नागरिकों का कहना है कि बिना नंबर के वाहन खुलेआम सड़क पर दौड़ रहे हैं और कटे हुए पेड़ों का परिवहन किया जा रहा है, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।ॉस्थानीय लोगों ने प्रशासन, पुलिस और वन विभाग से मांग की है कि ऐसे वाहनों की जांच कर अवैध लकड़ी परिवहन पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा बिना नंबर के ट्रैक्टरों के संचालन पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

पुलिस में शिकायत की ,
घायल युवक का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है। परिजनों द्वारा घटना की शिकायत थाना मुलताई में दर्ज कराई जा रही है। पुलिस मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि बिना नंबर के वाहनों और अवैध लकड़ी परिवहन पर समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया, तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।
——————————————————————

