बैतूल। मुलताई तहसील के ग्राम मुड़ापार से मां चंडी मंदिर, चिचोली दर्शन करने गए श्रद्धालुओं से भरा एक आयशर ट्रक लौटते समय हिवारखेड़ी के निकट अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 31 लोग घायल हो गए, जबकि एक 70 वर्षीय वृद्ध की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। एक महिला सहित दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मुड़ापार के निवासी श्रद्धालु आयशर ट्रक से मां चंडी मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन कर वापस लौटते समय हिवारखेड़ी के पास वाहन चालक का नियंत्रण ट्रक से हट गया, जिससे ट्रक सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों तथा प्रशासन की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बैतूल पहुंचाया गया।


घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती घायलों से मुलाकात कर चिकित्सकों को सभी घायलों का त्वरित एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गंभीर घायलों की विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान एसडीओपी सुनील लाटा भी उपस्थित रहे।

तहसीलदार बैतूल पूनम साहू ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी 31 लोग ग्राम मुड़ापार, तहसील मुलताई के निवासी हैं। हादसे में घायल सुखराम (70 वर्ष) की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। वहीं राम्मीबाई (50 वर्ष) और शुभम (23 वर्ष) को गंभीर अवस्था में आईसीयू में भर्ती किया गया है। शेष घायलों की स्थिति सामान्य बताई गई है और उनका उपचार जारी है। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।



