ताप्ती और शनि सरोवर को गंदे पानी से मिलेगी राहत,

0

मुलताई। वर्षों से गंदे एवं सीवर युक्त पानी की समस्या झेल रहे ताप्ती जलमार्ग, ताप्ती सरोवर और शनि सरोवर को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। मुलताई नगर पालिका ने लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट योजना के अंतर्गत लगभग 7 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से वॉटर ट्रीटमेंट योजना को स्वीकृति प्रदान कर दी है।

योजना की सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी औपचारिकताएं पूर्ण होने के साथ ही टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।
अब सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह रहेगा कि यह महत्वाकांक्षी योजना धरातल पर किस प्रकार लागू होती है और ताप्ती सरोवर एवं जलमार्ग में पहुंचने वाले गंदे पानी को रोकने में कितनी प्रभावी साबित होती है।

नगर पालिका द्वारा तैयार की गई इस योजना का मुख्य उद्देश्य ताप्ती वार्ड रेलवे लाइन क्षेत्र से निकलने वाले प्रमुख जलमार्ग में बहकर आने वाले गंदे पानी को ट्रीट कर स्वच्छ जल को अलग करना है। इसके लिए चरणबद्ध तरीके से विभिन्न स्थानों पर ट्रीटमेंट संरचनाएं विकसित की जाएंगी।
योजना के तहत पहला ट्रीटमेंट स्ट्रक्चर दुर्गा माता मंदिर के पास बनाया जाएगा। यहां गंदे पानी को रोककर साफ एवं दूषित जल को अलग-अलग हिस्सों में विभाजित किया जाएगा, जिसके बाद पानी को अगले ट्रीटमेंट पॉइंट तक भेजा जाएगा।

दूसरी संरचना कांजी हाउस के पास बनाई जाएगी, जबकि तीसरी ट्रीटमेंट संरचना मोक्षधाम क्षेत्र में तैयार की जाएगी। इसके बाद कचरा खंती के पास एक और प्रमुख ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा, जहां अंतिम स्तर पर पानी का उपचार किया जाएगा। नगर पालिका का दावा है कि इस बहुस्तरीय प्रक्रिया के माध्यम से ताप्ती सरोवर और जलमार्ग में सीधे गंदे पानी के प्रवाह को काफी हद तक रोका जा सकेगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस परियोजना की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) यश इंजीनियरिंग भोपाल द्वारा तैयार की गई है। वहीं योजना के निर्माण कार्य का ठेका ओम साई कंस्ट्रक्शन, छिंदवाड़ा को दिया गया है तथा अनुबंध प्रक्रिया भी पूर्ण हो चुकी है।
नगर क्षेत्र में लंबे समय से ताप्ती जलमार्ग और सरोवरों में गंदे पानी के प्रवाह को लेकर नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा चिंता जताई जाती रही है। ऐसे में इस योजना को नगर के पर्यावरण एवं धार्मिक आस्था से जुड़े महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।
इनका कहना,

नगर पालिका अध्यक्ष नीतू परमार ने कहा कि ताप्ती सरोवर एवं जलमार्ग को गंदे पानी से मुक्त कराना परिषद की प्राथमिकता है। “ताप्ती सरोवर एवं जलमार्ग गंदे पानी से मुक्त हो सके, यह हमारे लिए भावना से जुड़ा मुद्दा है। गंदा पानी सरोवर में न जाए, इसके लिए जो ट्रीटमेंट योजना स्वीकृत हुई है, हमारी परिषद का प्रयास रहेगा कि इसका सही क्रियान्वयन हो और ताप्ती जलमार्ग तथा सरोवर पूरी तरह स्वच्छ बन सकें।”
नीतू प्रहलाद परमार अध्यक्ष नगर पालिका मुलताई

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here