अवैध सूदखोरी के दबाव में युवक ने की आत्महत्या, आरोपी गिरफ्तार,

0

मुलताई। मुलताई नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध सूदखोरी का कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है। जरूरतमंद लोगों को ऊंचे ब्याज पर पैसा देकर बाद में दबाव, धमकी और मानसिक प्रताड़ना के जरिए वसूली किए जाने के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में मुलताई पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार के नेतृत्व में की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मुलताई में मर्ग क्रमांक 68/2026 धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के अंतर्गत दर्ज मामले की जांच के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, शव पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, अस्पताल से प्राप्त तहरीर, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), परिजनों एवं पंचों के बयान सहित अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया गया।

जांच में सामने आया कि मृतक कृष्णराव बारंगे ने ग्राम चौथिया निवासी नरेश पाठेकर से ₹50 हजार उधार लिए थे। आरोप है कि आरोपी लगातार मूल राशि के साथ अत्यधिक ब्याज की मांग कर रहा था। परिजनों के अनुसार मृतक करीब एक लाख रुपये ब्याज के रूप में चुका चुका था, इसके बावजूद आरोपी बार-बार फोन कर एवं घर पहुंचकर पैसों की मांग करता था। इतना ही नहीं, गाली-गलौज करते हुए बेइज्जती करने तथा घर से उठवा लेने जैसी धमकियां भी दी जाती थीं।


पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मृतक पर लगातार मानसिक दबाव बना रहा था। उसे अपमानित करते हुए “पैसे नहीं दे सकते तो जाकर मर जाओ” जैसी बातें कही गई थीं। लगातार प्रताड़ना और मानसिक तनाव से परेशान होकर कृष्णराव बारंगे ने जहरीली दवा सल्फास का सेवन कर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट बना अहम साक्ष्यघटनास्थल से मिले सुसाइड नोट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी नरेश पाठेकर का कृत्य प्रथम दृष्टया आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करना पाया। इसके आधार पर थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 394/2026 धारा 108 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम चौथिया निवासी नरेश पिता बाजीराव पाठेकर (43 वर्ष) को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 22 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया। इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिकाइस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार, उपनिरीक्षक सुनिल सरेयाम, आरक्षक प्रिंस, आरक्षक अरविंद एवं आरक्षक विवेक की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक की अपील

पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि अवैध सूदखोरी, मानसिक प्रताड़ना, धमकी या सामाजिक दबाव जैसी घटनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। मानसिक तनाव में आकर कोई गलत कदम उठाने के बजाय नागरिक पुलिस प्रशासन से संपर्क करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here