“एक घंटा किताबों के नाम” अभियान के तहत जनप्रतिनिधि पहुंचे हाईटेक लाइब्रेरी,

0

मुलताई। प्रदेश स्तर पर संचालित “एक घंटा किताबों के नाम” अभियान के अंतर्गत गुरुवार को मुलताई की स्थानीय लाइब्रेरी में नगर पालिका अध्यक्ष नीतू परमार एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए बेहतर अध्ययन वातावरण तैयार करना तथा पुस्तकालयों में उपलब्ध सुविधाओं का आकलन कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना है।

अभियान के तहत आयुक्त, जेडी, ईई, सीएमओ एवं एई स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की लाइब्रेरी का निरीक्षण करने, अध्ययन व्यवस्था का जायजा लेने तथा आवश्यक सुविधाओं के विकास हेतु निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अधिकारियों ने लाइब्रेरी पहुंचकर विद्यार्थियों से चर्चा की और उनकी समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान अध्ययनरत विद्यार्थियों ने गर्मी के मौसम में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की समस्या प्रमुखता से उठाई। विद्यार्थियों ने बताया कि लाइब्रेरी में वर्तमान में रखे गए 10 पानी के कैंपर पर्याप्त नहीं हैं, जिससे कई बार पानी की कमी हो जाती है। उन्होंने कैंपरों की संख्या बढ़ाकर 15 करने की मांग की। इसके अलावा विद्यार्थियों ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए अतिरिक्त कूलर एवं पंखे लगाने की आवश्यकता भी बताई। छात्राओं ने लाइब्रेरी में महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पृथक सुविधा नहीं होने से उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस पर अधिकारियों ने समस्या के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान लाइब्रेरी परिसर में पौधरोपण के लिए स्थान भी चिन्हित किए गए। साथ ही परिसर को अधिक सुव्यवस्थित और विद्यार्थियों के अनुकूल बनाने को लेकर चर्चा की गई। वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि जनसहयोग, निकाय निधि एवं अन्य उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से पुस्तकालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here