मुलताई-नागपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान गुरुसाहब वार्ड निवासी संजू बरमासे के रूप में हुई है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है, वहीं परिवार में खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजू बरमासे अपने बेटे की शादी से ठीक एक दिन बाद पारिवारिक परंपरा के तहत ‘देव पहुंचाने’ के लिए अपने बड़े भाई राजू बरमासे के साथ बाइक से बैतूल जा रहे थे। यह हादसा मंगलवार दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच एनस के पास हुआ।
बताया जा रहा है कि बाइक संजू स्वयं चला रहे थे और दोनों भाई शादी के मांगलिक कार्यक्रमों के बाद धार्मिक परंपरा निभाने के लिए निकले थे। इसी दौरान मुलताई से बैतूल की ओर जा रही गुप्ता ट्रेवल्स की एक बस के चालक ने एनस के पास अचानक सवारी उतारने के लिए हाईवे पर बस रोक दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के अचानक रुकने से पीछे आ रही बाइक को संभलने का कोई मौका नहीं मिला और वह सीधे बस के पिछले हिस्से से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि संजू के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। गंभीर रूप से घायल संजू को तत्काल मुलताई अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक शोक का माहौल छा गया। स्थानीय नागरिकों ने इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश जताते हुए गुप्ता ट्रेवल्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि हाईवे पर इस तरह लापरवाहीपूर्वक बस रोकना गंभीर अपराध है और ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

