विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने किया 12 लाख की लागत से बने दो अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण,विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा सुविधाओं के विस्तार पर जोर, पांच नए कक्ष एवं 300 मीटर बाउंड्री वॉल हेतु 48 लाख रुपये देने की घोषणा,
मुलताई। नगर के नागपुर रोड स्थित शासकीय नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को विधायक चंद्रशेखर देशमुख एवं नगर पालिका अध्यक्ष नीतू प्रहलाद परमार की गरिमामयी उपस्थिति में खनिज मद योजना के अंतर्गत लगभग 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शासकीय नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा ताकि यह विद्यालय भी उत्कृष्ट संस्थानों की श्रेणी में अपनी पहचान बना सके। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विकास के लिए शासन स्तर पर जो भी आवश्यक सहयोग होगा, उसे उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

विद्यालय में कक्षों की कमी को देखते हुए विधायक देशमुख ने खनिज मद योजना के अंतर्गत पांच अतिरिक्त कक्षों के निर्माण तथा लगभग 300 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल के निर्माण के लिए 48 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कराने की घोषणा भी की। उनकी इस घोषणा का उपस्थित जनसमुदाय ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

नगर पालिका अध्यक्ष नीतू प्रहलाद परमार ने अपने संबोधन में कहा कि विधायक चंद्रशेखर देशमुख के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर गति से किए जा रहे हैं। सड़क, पेयजल, आधारभूत संरचना और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनकल्याण और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सतत कार्य कर रही है। शिक्षा के क्षेत्र में भी विद्यालयों के उन्नयन एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यालय के विकास में मिले सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश पाठक, भाजपा नगर मंडल उपाध्यक्ष स्वाती भार्गव, नगर मंडल मंत्री जया जैन, एल्डरमैन बीना पंजाबी, राजू चौबे, महिला मोर्चा की ज्योति साहू, भाजपा नगर मंडल महामंत्री राघवेंद्र रघुवंशी, निलेश चावरिया, नगर मंडल उपाध्यक्ष राजू चौहान, मुकेश वागद्रे, हरि पठाडे, अभिषेक खंडेलवाल सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, पार्षद, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



