नाबालिग से दुष्कर्म और अवैध गर्भपात मामले में बड़ी कार्रवाई, पांढुर्ना की निजी अस्पताल संचालक डॉक्टर गिरफ्तार, मुख्य आरोपी सहित अन्य पर पहले से दर्ज है मामला,
मुलताई। नाबालिग से दुष्कर्म और उसके बाद अवैध रूप से गर्भपात कराने के चर्चित मामले में मुलताई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को पांढुर्ना स्थित एक निजी अस्पताल की संचालक डॉ. चेतना उर्फ राधा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले में मुख्य आरोपी अमित साहू तथा उसके भाई राजेंद्र (गजेंद्र) साहू सहित अन्य आरोपियों के विरुद्ध पहले से प्रकरण दर्ज है।
जांच में सामने आया अवैध गर्भपात का मामला,
थाना प्रभारी विकास पटेल ने बताया कि विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि दुष्कर्म की घटना के बाद नाबालिग पीड़िता गर्भवती हो गई थी। इसके बाद आरोपी उसे पांढुर्ना के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉ. चेतना उर्फ राधा ने कथित रूप से नियमों की अनदेखी करते हुए उसका अवैध गर्भपात किया।

जांच में डॉक्टर की भूमिका स्पष्ट होने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अमित साहू पर नाबालिग से दुष्कर्म करने का आरोप है, जबकि उसके भाई राजेंद्र (गजेंद्र) साहू पर पीड़िता का अवैध गर्भपात कराने में सहयोग करने का आरोप है। मामले में सभी आरोपियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है।

गर्भपात के बाद पीड़िता की हालत गंभीर,
अवैध गर्भपात के बाद नाबालिग पीड़िता की तबीयत गंभीर हो गई। वर्तमान में उसका अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में व्यापक आक्रोश फैल गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों और महिला संगठनों ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया तथा आरोपी डॉक्टर की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी।
लगातार जनदबाव और प्रदर्शनों के बाद मुलताई पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। थाना प्रभारी विकास पटेल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। यदि विवेचना के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध भी कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।




