मुलताई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के मुलताई कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज कथित रूप से उल्टा फहराए जाने को लेकर कांग्रेस ने विरोध जताया है। सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता का प्रतीक है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज का उल्टा फहराया जाना गंभीर विषय है। कांग्रेस ने इसे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बताते हुए संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम एवं ध्वज संहिता में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसके उचित प्रदर्शन को लेकर स्पष्ट प्रावधान हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने वालों में जिला महामंत्री किशोर सिंह परिहार, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुमित शिवहरे, आईटी सेल अध्यक्ष अखिलेश फुलवार, युवा कांग्रेस अध्यक्ष लोकेश यादव, कांग्रेस नेता नितेश साहू सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नगर के पोस्ट ऑफिस पहुंचे और भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय के पते पर भारतीय ध्वज संहिता की प्रति स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजी।

नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुमित शिवहरे ने कहा कि भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज के अपमान की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ध्वज संहिता की प्रति प्रदेश भाजपा कार्यालय को भेजी गई है। उन्होंने मांग की कि प्रदेश भाजपा कार्यालय द्वारा मध्य प्रदेश के सभी भाजपा कार्यालयों में ध्वज संहिता की प्रति उपलब्ध कराई जाए, ताकि राष्ट्रीय ध्वज फहराने के निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।




