खेत के कोठे में बंधे मवेशियों को बनाया निशाना, तेंदुए के हमले की आशंका; वन विभाग को नहीं मिले पुख्ता प्रमाण,
मुलताई। मुलताई विधानसभा क्षेत्र के प्रभात पट्टन जनपद अंतर्गत ग्राम बोरगांव शेरगढ़ में जंगली जानवर द्वारा खेत में बने कोठे में बंधे मवेशियों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में दो मवेशियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मवेशी घायल बताया जा रहा है। शुक्रवार दोपहर जब किसान अपने खेत पर पहुंचा तो मवेशियों को मृत और घायल अवस्था में देखकर उसके होश उड़ गए। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस और वन विभाग को दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान पिंटू रोडले के खेत में बने कोठे में मवेशी बंधे हुए थे। इसी दौरान किसी जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया। हमले में एक मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे मवेशी के शरीर पर गंभीर चोटें आईं। वहीं, ग्रामीणों ने एक अन्य बछड़े को भी जंगली जानवर द्वारा उठाकर ले जाने की आशंका जताई है। हालांकि वन विभाग की प्रारंभिक जांच में बछड़े को जंगली जानवर द्वारा ले जाने के कोई पुख्ता साक्ष्य नहीं मिले हैं।
तेंदुए के हमले की आशंका, लेकिन नहीं मिले पुख्ता प्रमाण,
घटना की सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी पूनम गुप्ता के निर्देश पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की निशानदेही पर घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच की गई। पट्टन बीट के वन परिक्षेत्र सहायक हरि पवार ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार एक बछड़े के गले पर जंगली जानवर के हमले से चोट के निशान मिले हैं, जबकि एक बछिया के पेट पर हमले के निशान पाए गए, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने तीसरे बछड़े को भी जंगली जानवर द्वारा हमले के बाद अपने साथ ले जाने की बात कही है, लेकिन वन विभाग की जांच के दौरान ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला, जिससे यह पुष्टि हो सके कि जंगली जानवर बछड़े को उठाकर ले गया है।

क्षेत्र की जमीन सूखी होने के कारण घटनास्थल पर वन्य प्राणी के स्पष्ट पदचिह्न भी नहीं मिल सके हैं। वन विभाग के अनुसार मवेशियों पर जिस प्रकार हमला किया गया है, उससे तेंदुए की मौजूदगी और उसके हमले की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, अब तक कोई ठोस प्रमाण नहीं मिलने के कारण हमलावर वन्य प्राणी की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मृत मवेशियों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई भी पूरी कर ली गई है।

ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी की तैयारी,
घटना के बाद क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में भय एवं चिंता का माहौल है। खेतों में बने कोठों में मवेशियों को बांधकर रखने वाले किसानों को अब अपने पशुओं की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। आसपास की ग्राम पंचायतों में भी जंगली जानवर की संभावित मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों से गांवों में मुनादी करवाकर ग्रामीणों को अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने तथा रात के समय अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह देने के लिए कहा गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, जंगली जानवर की पहचान करने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते वन विभाग द्वारा निगरानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में मवेशियों के साथ-साथ ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी खतरा उत्पन्न हो सकता है।

