पूर्व मंत्री सुखदेव पाँसे के कार्यालय में मनाया गया सद्भावना दिवस,राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि, राष्ट्रीय एकता और सद्भावना का लिया संकल्प
मुलताई। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुखदेव पाँसे के कार्यालय में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की 82वीं जयंती ‘सद्भावना दिवस’ के रूप में गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।
आधुनिक भारत के निर्माण में राजीव गांधी का महत्वपूर्ण योगदान,
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सुखदेव पाँसे ने कहा कि स्व. राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण के प्रमुख शिल्पकारों में से एक थे। उन्होंने कहा कि महज 40 वर्ष की आयु में देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने वाले राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी की तकनीकी और संचार क्रांति से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए।

पाँसे ने कहा कि राजीव गांधी के कार्यकाल में युवाओं को मतदान का अधिकार देने की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की गई। इसके साथ ही पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई। उन्होंने कहा कि इन निर्णयों ने देश के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लैक कांग्रेस प्रभारी संजय यादव एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी के प्रयासों से पंचायती राज व्यवस्था सशक्त हुई जिससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का मार्ग भी प्रशस्त हुआ। राजीव गांधी की दूरदृष्टि के कारण देश में तकनीक, कंप्यूटर और संचार के क्षेत्र में नई संभावनाओं का विस्तार हुआ।

सद्भावना, एकता और भाईचारे का लिया संकल्प,
नगर कांग्रेस मीडिया प्रभारी आशीष सोनी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सुखदेव पाँसे के मार्गदर्शन में कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की सद्भावना प्रतिज्ञा ली। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे जाति, धर्म, क्षेत्र और भाषा के आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करेंगे तथा सभी देशवासियों के बीच भावनात्मक एकता, आपसी भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे।
कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद,
वरिष्ठ नेता कमल सोनी, संजय यादव, जिला महामंत्री किशोर सिंह परिहार, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुमित शिवहरे, नगर युवक कांग्रेस अध्यक्ष लोकेश यादव ,पार्षद निर्मला उबनारे, आशीष जैन, जीवन डोंगरदिये, पिंटू ठाकरे, रमेश शिवहरे, कपिल खंडेलवाल, आईटी सेल अध्यक्ष नितेश साहू, युवा कांग्रेस अध्यक्ष लोकेश यादव, नगर उपाध्यक्ष रितेश शर्मा, हर्षित वाजपेयी, विष्णु कसारे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



