दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार,खेत से घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी,

0

मुलताई। 10 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में मुलताई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को गांव के एक खेत से घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 जुलाई 2026 को पीड़िता की परिजनों ने थाना मुलताई पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 10 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने दुष्कर्म किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 635/2026 दर्ज कर आरोपी रूपेश पिता गोलू घोरपड़े के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(M)/6 के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना प्रारंभ की। एसडीओपी मुलताई एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी। इसी दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर आरोपी रूपेश पिता गोलू घोरपड़े (उम्र 18 वर्ष 4 माह), निवासी ग्राम घाटबिरोली, को गांव के एक खेत से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 28 जुलाई 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित कार्रवाई पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल, उपनिरीक्षक आम्रपाली डाहट, प्रधान आरक्षक सुनील पंद्राम, आरक्षक अभिषेक वाडिवा तथा सैनिक विजय रघुवंशी की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here