नए कनेक्शन, बिजली बिल, मीटर व कृषि पंप सहित सभी विद्युत संबंधी समस्याओं का होगा मौके पर निराकरण,
मुलताई। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा संचालित संपर्क अभियान के अंतर्गत 15 जुलाई को ग्राम बरई में विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु विद्युत समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर विद्युत सेवाओं से संबंधित समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है।
शिविर में नए घरेलू एवं वाणिज्यिक (कमर्शियल) विद्युत कनेक्शन, कृषि पंप कनेक्शन, विद्युत भार (लोड) बढ़ाने या घटाने, मीटर संबंधी समस्याओं, बिजली बिल में त्रुटियों, विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों सहित अन्य सभी विद्युत संबंधी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। विभागीय अधिकारी उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनकर यथासंभव मौके पर ही उनका समाधान करेंगे।

बिजली विभाग के उपमहाप्रबंधक हितेश वशिष्ठ ने क्षेत्र के सभी विद्युत उपभोक्ताओं एवं ग्रामीणों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर आयोजित शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का पंजीयन कराएं तथा विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस सुविधा का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि संपर्क अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना तथा विद्युत सेवाओं को अधिक सुगम और प्रभावी बनाना है।





