गांधी चौक से जयस्तंभ चौक तक चला विशेष स्वच्छता अभियान, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दिया स्वच्छता का संदेश
मुलताई। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार, 2 अक्टूबर को नगर पालिका परिषद मुलताई द्वारा गांधी चौक पर गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ लेकर नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नगर पालिका के स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वच्छता कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। इसके साथ ही नगर में विभिन्न स्तरों पर सेवाएं दे रहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का भी सम्मान किया गया।
गांधी चौक से जयस्तंभ चौक तक चलाया स्वच्छता अभियान,
कार्यक्रम के पश्चात गांधी चौक से जयस्तंभ चौक तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं स्वच्छता कर्मियों ने सहभागिता की। इस दौरान सड़क एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता कार्य करते हुए नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के माध्यम से नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने घर, प्रतिष्ठान एवं आसपास के सार्वजनिक क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखें तथा नगर को स्वच्छ रखने के प्रयासों में नगर पालिका का सहयोग करें।

उपस्थित लोगों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प भी दोहराया। कार्यक्रम में विधायक चंद्रशेखर देशमुख, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू सिंह परमार, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गडेकर, पार्षद जी.ए. बारस्कर, महेंद्र ‘पिल्लू’ जैन, शिल्पा मनीष शर्मा, एल्डरमैन बीना पंजाबी, सुनीता नागले, राजू चौबे, निलेश चावरिया, प्रीतम सिंह सिसोदिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, मंडल अध्यक्ष गणेश साहू, पूर्व सांसद ज्योति धुर्वे, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष नरेश फाटे सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा गणमान्य नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वच्छता कर्मियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

‘स्वच्छता ही सेवा’ का दिया संदेश,
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता कर्मियों के सम्मान के साथ गांधी चौक से जयस्तंभ चौक तक चलाए गए स्वच्छता अभियान ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ की भावना को मजबूत किया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों से नगर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

