अधिकारियों और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने मिलकर तय की व्यवस्थाएं, साफ-सफाई व पेयजल पर विशेष जोर
मुलताई। त्याग, बलिदान और आपसी भाईचारे के प्रतीक पर्व ईद-उल-अज़हा (ईद-ए-कुर्बां) को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर थाना मुलताई परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, नगर पालिका प्रतिनिधियों तथा मुस्लिम समाज के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान ईद पर्व पर शहर में की जाने वाली आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजीव कहार, थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार, तहसीलदार डॉ. संजय कुमार बरैया तथा नगर पालिका उपयंत्री योगेश कनेराव उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त कर ईद के दिन ईदगाह एवं मस्जिदों के आसपास बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजीव कहार ने मुस्लिम समाज से ईद-उल-अज़हा का पर्व शांति, सौहार्द और सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले वेस्ट को एकत्रित कर नगर पालिका के कचरा वाहनों में ही डालें, ताकि नगर की स्वच्छता बनी रहे।

पेयजल और साफ-सफाई पर रहेगा विशेष ध्यान,
थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि बैठक में नगर पालिका की पेयजल व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए हैं। इसके तहत ईद के दिन नागरिकों को निर्धारित समय से पहले पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा तथा प्रतिदिन की तुलना में लगभग 5 से 10 मिनट अतिरिक्त जलापूर्ति की जाएगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ईद-उल-अज़हा के अवसर पर ईदगाह परिसर में नमाज के समय अस्थायी कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। यहां कर्मचारियों की तैनाती के साथ टेंट, शेड एवं पेयजल की व्यवस्था की जाएगी।

मस्जिदों और ईदगाह में होंगी विशेष व्यवस्थाएं,
नगर के प्रमुख नमाज स्थलों — नूरानी मस्जिद, मरकज मस्जिद, जामा मस्जिद एवं ईदगाह — में पेयजल एवं साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की जाएगी। मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों पर चूना पट्टी डाली जाएगी तथा चलित शौचालय भी उपलब्ध कराए जाएंगे। नगर पालिका उपयंत्री योगेश कनेराव ने बताया कि ईद के दिन दोपहर 2 बजे के बाद नगर में विशेष टिप्पर वाहन चलाए जाएंगे, जिनमें कुर्बानी का वेस्ट डाला जा सकेगा। इससे शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलेगी।

अलफैज वेलफेयर सोसाइटी ने सौंपा ज्ञापन,
बैठक के पश्चात अलफैज वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को ईद पर्व की व्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुस्लिम धर्मस्थलों के आसपास साफ-सफाई, चूना पट्टी एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने की मांग की गई। इसके अलावा मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में समय पर एवं अतिरिक्त पेयजल आपूर्ति, ईदगाह पहुंच मार्ग की सफाई, सड़क के दोनों ओर चूना पट्टी, ईदगाह एवं कब्रस्तान के आसपास स्वच्छता व्यवस्था, चलित शौचालय तथा पेयजल उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। ज्ञापन में ईद के दिन दोपहर 12 बजे तक कब्रस्तान क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने की भी मांग की गई। ज्ञापन सौंपने वालों में वहीद पठान, पाशा खान, आरिफ पेंटर, फिरोज शाह, शेख साजिद एवं शाहरुख नोटलानी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



