परेड में विद्यार्थियों ने दिखाया अनुशासन, देशभक्ति गीतों और रंगारंग कार्यक्रमों ने मोहा मन,
मुलताई। नगर के आरडी पब्लिक स्कूल में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अनुशासित परेड के साथ देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगारंग प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पूर्व विधायक डॉ. पंजाबराव बोड़खे के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में रमणभाई पटेल, श्रीमती रेणु स्व. नवल अग्रवाल एवं भाजपा नेता नमन अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा पूर्व सैनिक संघ के सभी सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए और समारोह की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई परेड रही। विद्यार्थियों ने पूरे अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ परेड में हिस्सा लिया। पूर्व सैनिक संघ के सदस्यों सहित उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों के अनुशासन, कदमताल और शानदार प्रस्तुति की विशेष रूप से सराहना की।

देशभक्ति गीतों पर दी शानदार प्रस्तुतियां,
समारोह के दौरान आरडी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति से जुड़े गीतों और प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में राष्ट्रप्रेम का भाव भर दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए शानदार प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत फैंसी ड्रेस एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
बच्चों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक डॉ. पंजाबराव बोड़खे ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चे देश का आने वाला कल हैं। आज के विद्यार्थियों की योग्यता, संस्कार और अनुशासन को देखकर ही देश और समाज के भविष्य का अंदाजा लगाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि आरडी पब्लिक स्कूल शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार और सामाजिक सरोकार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को देश के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अतिथियों और नागरिकों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह,
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं समस्त स्टाफ के साथ नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों और अनुशासित परेड ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।




