भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में 8 हजार विद्यार्थी शामिल,

0

मुलताई। शांतिकुंज हरिद्वार के निर्देशानुसार प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन इस वर्ष भी मुलताई एवं प्रभात पट्टन क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में किया गया। परीक्षा में दोनों तहसीलों के लगभग 240 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के करीब 8 हजार छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं से परिचित कराने के साथ-साथ उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवश्यक सामान्य ज्ञान एवं विभिन्न विषयों की जानकारी उपलब्ध कराना भी है। परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया जाता है।

भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के जिला संयोजक गुलाबराव चिल्हाटे ने बताया कि इस वर्ष शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षक-शिक्षिकाओं के विशेष सहयोग तथा गायत्री परिवार के सक्रिय कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से मुलताई एवं प्रभात पट्टन क्षेत्र के लगभग 240 विद्यालयों में परीक्षा का सफल आयोजन किया गया।

मुलताई तहसील में करीब 5 हजार तथा प्रभात पट्टन तहसील में करीब 3 हजार विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिला एवं तहसील स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। हायर सेकेंडरी, हाईस्कूल एवं प्राथमिक स्तर पर जिला स्तर तथा तहसील स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here