हेड बॉय एवं हेड गर्ल के चयन के लिए शांतिपूर्ण मतदान, विद्यार्थियों को मिला लोकतंत्र का व्यावहारिक अनुभव,
मुलताई। विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से पोदार स्कूल में छात्र परिषद चुनाव का सफल आयोजन किया गया।
हेड बॉय एवं हेड गर्ल के चयन के लिए आयोजित मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मतदान प्रक्रिया का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर अरुण यादव ने स्वयं मतदान कर किया। इसके बाद प्राचार्य तन्वी सवाशेरे एवं एडमिन देवेंद्र कुमार शर्मा ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

तत्पश्चात विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लेकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाया। पूरी चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
इस दौरान विद्यार्थियों को लोकतंत्र, मतदान के महत्व, जिम्मेदार नेतृत्व तथा अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए इसे उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व कौशल को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।




