ध्वनि प्रदूषण के नियमों का पालन करने की हिदायत, अव्यवस्था फैलाने और अश्लील गीत बजाने पर होगी सख्त कार्रवाई,
मुलताई। मां ताप्ती जन्मोत्सव की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। सप्ताह भर चलने वाले ताप्ती जन्मोत्सव के विभिन्न कार्यक्रम प्रारंभ हो चुके हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मुलताई पुलिस ने सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में थाना प्रभारी विकास पटेल के नेतृत्व में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संचालकों को ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन करने और प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही डीजे वाहनों का संचालन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में थाना प्रभारी विकास पटेल ने स्पष्ट कहा कि ताप्ती जन्मोत्सव की गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि डीजे वाहन निर्धारित मार्ग और समय का पालन करें तथा किसी भी स्थिति में यातायात व्यवस्था बाधित न होने दें। तेज ध्वनि, निर्धारित सीमा से अधिक आवाज तथा अश्लील या आपत्तिजनक गीत बजाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पिछले वर्ष की अव्यवस्था से लिया सबक,
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष ताप्ती जन्मोत्सव के दौरान झांकियों और श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच अचानक बड़ी संख्या में डीजे वाहन परिक्रमा मार्ग में प्रवेश कर गए थे। कुछ वाहन विपरीत दिशा से भी भीड़ में शामिल हो गए, जिससे थाना परिसर से फव्वारा चौक तक लंबा जाम लग गया था। भारी भीड़ और डीजे की तेज आवाज के कारण विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं, बुजुर्गों और बाहर से आए भक्तों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। कई डीजे संचालकों के बीच अधिक आवाज में साउंड बजाने की प्रतिस्पर्धा ने भी स्थिति को और गंभीर बना दिया था। हालांकि कुछ समय बाद व्यवस्था सामान्य हो गई और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई, लेकिन इस अव्यवस्था को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी देखने को मिली थी।

इस वर्ष प्रशासन पूरी तरह सतर्क,
पिछले वर्ष के अनुभव को देखते हुए इस बार मुलताई पुलिस एवं स्थानीय सामाजिक संगठन पहले से ही सतर्क हैं। प्रशासन का प्रयास है कि ताप्ती जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन, सुरक्षित वातावरण और व्यवस्थित आयोजन का लाभ मिले। पुलिस ने सभी डीजे संचालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मां ताप्ती जन्मोत्सव की गरिमा बनाए रखने में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं, ताकि यह धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित वातावरण में संपन्न हो सके।




