बच्चों और ग्रैंडपेरेंट्स के बीच दिखाई दिया प्रेम, स्नेह ,अपनत्व और सम्मान का भाव,
मुलताई। पोदार लर्न स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रैंडपेरेंट्स सेलिब्रेशन का आयोजन हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में किया गया। विद्यार्थियों को अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी के साथ रिश्तों की अहमियत समझाने तथा पारिवारिक मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम विद्यालय की वार्षिक परंपरा का हिस्सा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दादा-दादी एवं नाना-नानी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
विद्यालय परिसर में बच्चों और उनके ग्रैंडपेरेंट्स के बीच प्रेम, स्नेह, अपनत्व और सम्मान का भाव देखने को मिला, जिससे पूरा वातावरण भावनात्मक और आनंदमय हो गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने ग्रैंडपेरेंट्स के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं तथा विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में सहभागिता कर उन्हें विशेष होने का एहसास कराया। बच्चों ने गीत, नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने बुजुर्गों के प्रति प्रेम और आदर व्यक्त किया।


विद्यालय प्रबंधन एवं प्राचार्य ने कहा कि ग्रैंडपेरेंट्स परिवार की सबसे मजबूत कड़ी होते हैं। उनके अनुभव, स्नेह और जीवन-मूल्य बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और पारिवारिक जुड़ाव की भावना को सुदृढ़ करते हैं। ग्रैंडपेरेंट्स की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने समारोह को और भी यादगार बना दिया।

हंसी, खुशी, भावनाओं और आत्मीयता से भरपूर यह आयोजन बच्चों, अभिभावकों तथा ग्रैंडपेरेंट्स सभी के लिए अविस्मरणीय बन गया। इस अवसर पर नगर के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया जिसमें पूर्व अधिवक्ता संघ अध्यक्ष गिरधर यादव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण यादव नगर के प्रमुख उद्यमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मुरारी अग्रवाल, वरिष्ठ अधिवक्ता जीजी घोड़े, कुलभूषण यादव, पूर्व ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर सिंह परिहार, लोकेश यादव, नीतेश साहू आदि प्रमुख है




