छात्रा को धमकाकर आरोपी ने दी थी जान से मारने की चेतावनी; मुलताई पुलिस ने घेराबंदी कर 24 घंटे के भीतर आरोपी को किया गिरफ्तार, न्यायालय में किया पेश,
मुलताई। महिलाओं एवं नाबालिग बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत मुलताई पुलिस ने एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायआमला की कक्षा दसवीं की एक नाबालिग छात्रा के साथ स्कूल परिसर में छेड़छाड़ करने और पिछले करीब छह माह से उसका पीछा कर परेशान करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी ने छात्रा को थाने में शिकायत करने पर उसे और उसके परिजनों को जान से खत्म करने की धमकी भी दी थी।
छह माह से कर रहा था छात्रा का पीछा,
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायआमला में कक्षा दसवीं में अध्ययनरत है। छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि गांव का रहने वाला अंशुल इवने पिछले करीब छह माह से स्कूल के आसपास आकर उसका पीछा करता था और उसे परेशान करता था। छात्रा ने पूर्व में इसकी जानकारी अपनी मां को दी थी, जिसके बाद उसकी मां ने आरोपी को समझाइश देकर ऐसी हरकतें नहीं करने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद आरोपी की गतिविधियों में सुधार नहीं हुआ। परेशान होकर छात्रा की मां ने स्कूल के शिक्षक योगेश लाडे को भी पूरे मामले से अवगत कराया था। शिक्षक ने भी आरोपी को स्कूल के आसपास आने और छात्रा को परेशान करने से मना किया था। इसके बावजूद आरोपी की हरकतें जारी रहीं।
परीक्षा के दौरान स्कूल परिसर में की अभद्र हरकत,
शिकायत के मुताबिक, 25 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे छात्रा की अर्धवार्षिक परीक्षा चल रही थी। इस दौरान वह स्कूल के ग्राउंड में अकेली खड़ी होकर पुस्तक पढ़ रही थी, जबकि उसकी सहेलियां पानी पीने के लिए स्कूल के अंदर गई हुई थीं। इसी दौरान आरोपी अंशुल मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और छात्रा के सामने अपनी गाड़ी खड़ी कर दी। आरोप है कि उसने छात्रा का दाहिना हाथ पकड़कर उसके साथ छेड़छाड़ की तथा पीछे से सिर पकड़कर अभद्र हरकत की। इसके बाद आरोपी ने छात्रा को धमकाते हुए कहा कि यदि उसने इस घटना की शिकायत पुलिस थाने में की तो वह उसे और उसके परिवार के सदस्यों को जान से खत्म कर देगा। धमकी देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

डर के कारण पहले नहीं बताई घटना, दोबारा दिखने पर मां को किया फोन,
आरोपी की धमकी से भयभीत छात्रा ने घटना के दिन किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। हालांकि, इसके बाद जब आरोपी दोबारा स्कूल के सामने दिखाई दिया तो छात्रा घबरा गई और उसने तत्काल अपनी मां को फोन कर इसकी सूचना दी। मां ने मामले की जानकारी स्कूल शिक्षक योगेश लाडे को दी। शिक्षक के स्कूल पहुंचने की जानकारी मिलते ही आरोपी वहां से भाग निकला। इसके बाद जब छात्रा की मां स्कूल पहुंची तो छात्रा ने अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी मां और शिक्षक को दी। शिक्षक की सलाह पर छात्रा अपनी मां एवं मामा के साथ मुलताई थाने पहुंची और आरोपी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई।नाबालिग छात्रा की शिकायत पर मुलताई पुलिस ने आरोपी अंशुल पिता रमेश इवने के विरुद्ध अपराध क्रमांक 972/26 दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75(2), 78(2), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7 एवं 8 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को किया गिरफ्तार,
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री अमित सक्सेना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपूसे एवं एसडीओपी मुलताई श्री एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू किया। लगातार तलाश और घेराबंदी के बाद 29 नवंबर 2026 को पुलिस ने ग्राम रायआमला क्षेत्र से आरोपी अंशुल पिता रमेश इवने, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम मीरापुर/निरापुर, थाना साईंखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

