जमीन विवाद में देवर-देवरानी ने महिला को कुएं में धकेलकर की हत्या, दोनों गिरफ्तार

0

मुलताई। जमीन को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार एक महिला की जान लेने का कारण बन गया। मुलताई के ग्राम ऐनखेड़ा में कुएं में मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतका के देवर और देवरानी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के अनुसार, जमीन विवाद के चलते दोनों आरोपियों ने महिला को खेत में स्थित गहरे कुएं में धक्का दे दिया था, जिससे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 22 नवंबर को न्यायालय में पेश किया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को ग्राम ऐनखेड़ा निवासी हरि पिता मिठ्या धोटे (57) ने थाना सांईखेड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 नवंबर को उसका अपने भाई शंकर धोटे और भाभी पार्वती धोटे के साथ जमीन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद की शिकायत लेकर वह सांईखेड़ा थाने पहुंचा था। जब वह वापस घर लौटा तो घर पर ताला लगा हुआ था और उसकी पत्नी कमलाबाई भी घर पर नहीं थी। इसके बाद उसने पत्नी की तलाश शुरू की। खेत में कुएं के पास पहुंचने पर उसे पत्नी कमलाबाई का शव कुएं के पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पंचनामा कार्रवाई की और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।

मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। जांच में सामने आया कि हरिराम धोटे और उसके भाई शंकर धोटे के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन शंकर धोटे और उसके परिवार के सदस्य हरिराम के खेत से मोटर चलाने के लिए बिजली के तार ले जा रहे थे। हरिराम ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद की सूचना पर डायल 112 पुलिस वाहन मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को थाने आकर अपनी समस्या रखने की समझाइश दी। इसके बाद हरिराम थाने चला गया, जबकि उसकी पत्नी कमलाबाई खेत में ही मौजूद थी।

पुलिस की जांच के मुताबिक, इसी विवाद के चलते शंकर धोटे और उसकी पत्नी पार्वती धोटे ने एकराय होकर कमलाबाई को खेत में स्थित गहरे कुएं में धक्का दे दिया। पानी में डूबने से कमलाबाई की मौत हो गई। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। थाना सांईखेड़ा में अपराध क्रमांक 162/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 3(5) में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे एवं एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ एवं विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर शंकर धोटे और पार्वती धोटे को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को 22 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया।

अंधे कत्ल का खुलासा करने में निरीक्षक अंजना पाटिल मालवीय, निरीक्षक भैयालाल उइके (थाना प्रभारी बोरदेही), निरीक्षक आबिद अंसारी (प्रभारी सीन ऑफ क्राइम), सउनि रविन्द्र नागले सहित पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों तथा साइबर सेल के आरक्षक राजेन्द्र धाडसे और बलराम राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही

——————————————————————————————————–

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here