मुलताई में सामाजिक कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे ऑल इंडिया मेमन जमात फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हाजी इकबाल मेमन,

0

इंदौर में आयोजित प्रादेशिक कॉन्फ्रेंस में बैतूल जिले के पदाधिकारियों ने रखे सामाजिक विकास के प्रस्ताव, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता से जुड़े कार्यक्रमों की हुई समीक्षा,

मुलताई। ऑल इंडिया मेमन जमात फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हाजी इकबाल मेमन जल्द ही बैतूल जिले की पवित्र नगरी मुलताई में आयोजित होने वाली सामाजिक कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर मेमन समाज के पदाधिकारियों और सामाजिक बंधुओं में उत्साह है। इस दौरान समाज के शैक्षणिक, स्वास्थ्य एवं आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होने के साथ ही जनकल्याणकारी गतिविधियों को आगे बढ़ाने की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

हाल ही में इंदौर के सयाजी होटल में ऑल इंडिया मेमन समाज की प्रादेशिक कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें संगठन द्वारा गरीब, जरूरतमंद और वंचित लोगों के कल्याण के लिए संचालित किए जा रहे शिक्षा, चिकित्सा एवं आर्थिक सहायता से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने और सामाजिक गतिविधियों को विस्तार देने पर विचार-विमर्श किया गया।

इस कॉन्फ्रेंस में बैतूल जिले से समाज के कई प्रमुख पदाधिकारियों ने सहभागिता की। इनमें ऑल इंडिया मेमन समाज के बैतूल जिला अध्यक्ष मोहम्मद यूसुफ पटेल, मुलताई अध्यक्ष जाफर पटेल, बैतूल से मोहम्मद तौसीफ अगवानी, आमला अध्यक्ष मोहम्मद जावेद, भैंसदेही अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ कामरा तथा सचिव सलीम कामरा शामिल रहे।

कॉन्फ्रेंस के दौरान बैतूल जिले से पहुंचे पदाधिकारियों ने जिले में समाज द्वारा संचालित सामाजिक गतिविधियों और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष हाजी इकबाल मेमन एवं प्रदेश उपाध्यक्ष याकूब गाजी को दी। इसके साथ ही बैतूल जिले में आगामी समय में आयोजित किए जाने वाले सामाजिक कार्यक्रमों के प्रस्ताव भी वरिष्ठ पदाधिकारियों के समक्ष रखे गए, जिन्हें उन्होंने सहमति प्रदान की।

मुलताई मेमन समाज के अध्यक्ष जाफर पटेल ने बताया कि मेमन समाज संख्या की दृष्टि से भले ही छोटा समाज है, लेकिन जनहित और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में संगठन लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। संगठन की ओर से जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा सहायता और आर्थिक सहयोग के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन गतिविधियों की समय-समय पर समीक्षा कर जरूरत के अनुसार नए कार्यक्रम भी तैयार किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष हाजी इकबाल मेमन के मुलताई आगमन और सामाजिक कॉन्फ्रेंस में सहभागिता से जिले में समाज की गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही संगठन के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के जरूरतमंद बंधुओं के साथ-साथ अन्य जरूरतमंद लोगों तक भी पहुंचाने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here