राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन,मतदाता सूची में पारदर्शिता और पात्र, मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने की मांग, भाजपा सरकार के खिलाफ की नारेबाजी,
मुलताई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत पवित्र नगरी मुलताई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोटरसाइकिल रैली निकालकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आशीर्वाद लॉन से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तहसील परिसर पहुंची, जहां राष्ट्रपति के नाम अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर मताधिकार की सुरक्षा और मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण यादव, युवक कांग्रेस अध्यक्ष लोकेश यादव, संजय यादव और किशोर सिंह परिहार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मोटरसाइकिलों पर सवार होकर रैली में शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। रैली आशीर्वाद लॉन से प्रारंभ होकर फव्वारा चौक, नाका नंबर-1, जयस्तंभ चौक और बस स्टैंड होते हुए तहसील परिसर पहुंची।

मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच की मांग
ज्ञापन में कहा गया कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया तथा प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार पर निर्भर करती है। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की अनियमितता, पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने या अपात्र लोगों के नाम शामिल होने की आशंका लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। कांग्रेस ने मांग की कि मतदाता सूची की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए और सभी पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल होना सुनिश्चित किया जाए। किसी भी पात्र मतदाता का नाम उचित प्रक्रिया और नियमानुसार सत्यापन के बिना नहीं हटाया जाए। साथ ही, मतदाता सूची में त्रुटियों को सुधारने और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग भी की गई।

नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पारदर्शी बनाने की मांग,
ज्ञापन के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने तथा संबंधित आवेदकों को समय पर सूचना देने की मांग की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके अलावा प्रत्येक पात्र नागरिक को बिना किसी भेदभाव के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान का अधिकार सुनिश्चित करने और मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान राजनीतिक दबाव अथवा पक्षपात की आशंकाओं को दूर करने की मांग भी उठाई गई। ये कांग्रेसजन रहे मौजूद-रैली एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, संजय यादव, युवक कांग्रेस अध्यक्ष लोकेश यादव, किशोर सिंह परिहार, नितेश साहू, पवन पंडाग्रे, आशीष जैन, अरुण पवार, शेख जाकिर, महेश नागले, कृष्णा पंडाग्रे, अजय शिवहरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


