अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण,तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन सक्रिय, मंच से लेकर हेलीपैड तक की व्यवस्थाओं का लिया जायजा,
बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 31 अक्टूबर को प्रस्तावित बैतूल दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन और डीएफओ नवीन गर्ग सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिस ग्राउंड बैतूल पहुंचकर कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, मंच संचालन, अतिथियों एवं हितग्राहियों के आगमन और निर्गमन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसके बाद अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के आगमन के लिए प्रस्तावित हेलीपैड स्थल का भी निरीक्षण किया।

यहां प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गणेश जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

