कांग्रेस नेताओं पर बल प्रयोग के विरोध में मुलताई में कांग्रेस का प्रदर्शन,

0

मुलताई। दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को कथित तौर पर बलपूर्वक रोके जाने और लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में मुलताई ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार तथा निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुलताई बस स्टैंड पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया।

पुतला दहन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शन को रोकने और पुतला बुझाने के लिए वाटर कैनन का उपयोग किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। हालांकि, कार्यकर्ता पुतला दहन करने में सफल रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, संजय यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां तहसीलदार संजय बरैया को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की जवाबदेही की मांग को लेकर शांतिपूर्वक जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित वरिष्ठ नेताओं को बलपूर्वक रोका गया और उनके साथ लाठीचार्ज किया गया। कांग्रेस ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय बताया और मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में क्षेत्र में अल्पवर्षा से प्रभावित किसानों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस ने मक्का, सोयाबीन सहित अन्य फसलों का व्यापक सर्वे कराने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही कांग्रेस ने बैतूल जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने, किसानों को राहत देने तथा किसानों की कर्जमाफी किए जाने की मांग भी शासन के समक्ष रखी। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि अल्पवर्षा के कारण रबी फसलों की बुवाई और आगामी कृषि सीजन को लेकर किसानों में चिंता बनी हुई है, इसलिए प्रशासन को समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

कांग्रेस ने शांति समिति की बैठक में भाजपा नगर मंडल महामंत्री एवं एल्डरमैन नीलेश द्वारा मां दुर्गा को लेकर कथित रूप से की गई अशोभनीय टिप्पणी का मुद्दा भी ज्ञापन में उठाया। कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के माध्यम से उन्हें इस मामले की जानकारी मिली। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कथित टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की।

विरोध प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय यादव, डॉ पंजाब राव बोड़खे, राजरानी परिहार, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुमित शिवहरे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष लोकेश यादव, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष किशोर परिहार,नितेश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here