मुलताई क्षेत्र में बढ़ीं चोरी की वारदातें, मंदिरों के तांबे के कलश, मोटर पंप, केबल चोरी,

0

ग्रामीणों और किसानों में दहशत, थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की गिरफ्तारी व पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग,

मुलताई। मुलताई क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों और किसानों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र में जहां एक ओर जुआ और सट्टे जैसी अवैध गतिविधियों के फलने-फूलने की शिकायतें सामने आ रही हैं, वहीं दूसरी ओर चोर अब मंदिरों और किसानों के खेतों को अपना निशाना बना रहे हैं।

बीती रात नगर से लगे ग्राम परमंडल में अज्ञात चोरों ने तीन मंदिरों के तांबे के कलश चोरी कर लिए। इसके अलावा किसानों के खेतों से मोटर पंप और बिजली केबल चोरी होने की घटनाएं भी सामने आई हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से ग्रामीणों और किसानों में असुरक्षा का माहौल बन गया है। सोमवार को ग्राम परमंडल के ग्रामीणों ने मुलताई थाना प्रभारी विकास पटेल को आवेदन सौंपकर चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी, चोरी गए सामान की बरामदगी तथा क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, ग्राम पंचायत परमंडल स्थित शिव मंदिर, हनुमान मंदिर और काली मंदिर के शिखरों पर लगे तांबे के कलश अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। इसके अलावा सर्रा रोड स्थित ग्राम पंचायत के ट्यूबवेल से करीब 150 फीट बिजली केबल भी चोरी कर ली गई।

चोरों ने किसानों के खेतों को भी नहीं बख्शा। जौलखेड़ा रोड स्थित किसान लक्ष्मण बोरबन के खेत से दो मोटर पंप चोरी कर लिए गए। इनमें एक 3 हॉर्स पावर की मोटर, एक अर्थफेस मोटर तथा लगभग 150 फीट बिजली केबल शामिल है। वहीं किसान किशोरी पिंजारे के खेत का दरवाजा तोड़कर वहां से अर्थफेस मोटर चोरी कर ली गई।

इन घटनाओं से किसानों को आर्थिक नुकसान तो हुआ ही है, साथ ही उनकी सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है। किसानों का कहना है कि मोटर पंप और बिजली केबल चोरी होने से खेतों की सिंचाई बाधित हो रही है, जिससे फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है। लगातार हो रही चोरियों के कारण किसान रात के समय अपने खेतों और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित हैं।

ग्रामीणों ने थाना प्रभारी से मांग की है कि चोरी की घटनाओं की गंभीरता से जांच कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की गई है। यह आवेदन ग्राम पंचायत के सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों और किसानों की ओर से थाना प्रभारी को सौंपा गया।

—————————————————————————-

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here